DUSU चुनाव प्रचार के दौरान क्‍यों हुई खूनी झड़प? कई छात्र घायल, देखें- CCTV

  • 4:47
  • प्रकाशित: सितम्बर 17, 2026

दिल्‍ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में बीती रात छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प हो गई. लाठी-डंडे लेकर छात्रों सड़कों पर लड़ते हुए नजर आए. कई छात्र इस दौरान चोटिल भी हुए हैं. छात्रों को शांत करने के लिए दिल्‍ली पुलिस को काफी मशक्‍कत करनी पड़ी. दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ DUSU चुनाव के दौरान हिंसक झड़प ने प्रशासन पर सवाल उठा दिये हैं. लॉ फैकल्टी और आर्ट्स फैकल्टी गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों में जमकर लात-घूंसे, लाठी-डंडे चले, कई छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए, घायलों को हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया. 

बताया जा रहा है लॉ फैकल्टी के बाहर ABVP कार्यकर्ता चुनाव प्रचार कर रहे थे, तभी विरोधी गुट से कहासुनी हुई और बहस खूनी संघर्ष में बदल गई. ABVP का आरोप है NSUI से बागी होकर DUSU चुनाव लड़ रहे छात्र नेता विशेष यादव के समर्थकों ने हमला किया. सूत्रों के मुताबिक विवाद के समय विशेष यादव भी वहीं मौजूद थे, पुलिस दावे की जांच कर रही है।घटना की अलग-अलग तस्वीरों में दोनों गुट बीच सड़क पर दौड़ते हुए एक-दूसरे पर लाठी बरसाते, मारपीट करते दिखे, काफी देर तक आवाजाही प्रभावित रही. भारी पुलिस बल तैनात किया गया, पुलिस अधिकारियों ने कैंपस में फ्लैग मार्च निकालकर छात्रों से शांति की अपील की. 

पुलिस अधिकारी ने बताया शाम को नॉर्थ कैंपस में छात्रों के बीच लड़ाई हुई, दो छात्रों को मामूली चोट आई, डॉक्टर को दिखाने गए हैं, अभी सिचुएशन नियंत्रण में है, पुलिस फोर्स ने इंश्योर किया है. सूत्रों के मुताबिक फिलहाल कोई FIR दर्ज नहीं हुई, दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर वापस भेजा गया.