बंगाल में फिर नवाब का दौर! मुर्शिदाबाद से चलेगी सरकार, हुमायूं कबीर ने बता दी प्लानिंग

  • 4:06
  • प्रकाशित: अप्रैल 23, 2026

पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग जारी है. इसी बीच एनडीटीवी इंडिया ने मुर्शिदाबाद से चुनाव मैदान में उतरे हुमायूं कबीर से खास बातचीत की. हुमायूं कबीर ने खुद को 43 वर्षों से राजनीति में सक्रिय बताते हुए कहा कि उन्होंने 31 दिसंबर 2025 को अपनी नई पार्टी बनाई, जिसका रजिस्ट्रेशन निर्वाचन आयोग से हो चुका है. उनका दावा है कि उन्हें आम लोगों का समर्थन मिल रहा है और वे बिना डर के, स्वतंत्र तरीके से चुनाव लड़ रहे हैं.

हुमायूं कबीर ने कहा कि उनका चुनाव चिन्ह ‘व्हिसल’ है और वे इसे प्रतीकात्मक रूप से मैदान में “रेफरी” की तरह देखते हैं, जो सभी दलों को कंट्रोल करेगा. उन्होंने टीएमसी और बीजेपी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दोनों ही पार्टियों की राजनीति से अलग हैं.

ममता बनर्जी द्वारा उन्हें बीजेपी की “बी-टीम” बताए जाने पर हुमायूं कबीर ने पलटवार किया और कहा कि ये आरोप डर की राजनीति का हिस्सा हैं. उनका कहना है कि चुनाव के दिन ऐसे बयान उनकी बढ़ती मौजूदगी से घबराहट को दिखाते हैं.

उन्होंने पैसे के लेन-देन और उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि उनकी पार्टी ने 142 उम्मीदवार खड़े किए, जिनमें से कुछ को लालच देकर तोड़ा गया. इसके बावजूद उन्होंने साफ कहा कि इसका उनके चुनावी प्रदर्शन पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा.

हुमायूं कबीर ने दावा किया कि वे मुर्शिदाबाद से “किंग मेकर” बनकर उभरेंगे और बंगाल की राजनीति का रुख यहीं से तय होगा. उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि कभी नवाबों के दौर में भी बंगाल की सियासत मुर्शिदाबाद से चलती थी और अब एक बार फिर वही होगा. चुनाव के दिन कड़ी निगरानी के बीच, चाय की चुस्की लेते हुए हुमायूं कबीर ने एनडीटीवी इंडिया से यह बातचीत की.
एनडीटीवी इंडिया.
 

संबंधित वीडियो