नई दिल्ली: बीजेपी के फायरब्रांड नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम एनडीटीवी के चर्चित शो चक्रव्यूह में नजर आए, जहां उनसे न सिर्फ उनके बयानों बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कथित नजदीकी को लेकर भी बेहद तीखे और सीधे सवाल पूछे गए. कार्यक्रम की एंकर ने वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि संगीत सोम बार‑बार यह क्यों दिखाने की कोशिश करते हैं कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद करीब हैं.
पुलिस और प्रोटोकॉल को लेकर बहस
पहले वीडियो में संगीत सोम एक पुलिसकर्मी से कहते नजर आते हैं कि यह उनका कार्यक्रम है और उन्हें आगे जाने दिया जाए, जबकि पुलिस उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश कर रही थी. इस पर सवाल उठने पर संगीत सोम ने पलटवार करते हुए कहा, “अगर हम गलत नहीं हैं तो पुलिस हमारी गाड़ी कैसे रोक सकती है? कोई पुलिसवाला अपनी मर्जी नहीं चला सकता, जो नियम होगा वही लागू होगा.” उन्होंने बार‑बार यह दावा किया कि मौके पर सभी गाड़ियां जा रही थीं और उनके साथ कोई विशेष व्यवहार नहीं किया गया.
‘आपकी भाषा खुलकर सामने आती है’
एंकर ने उनकी बातचीत की शैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चक्रव्यूह में भी उनकी वही आक्रामक भाषा दिखाई दी जो अक्सर सार्वजनिक मंचों पर दिखती है. इस पर संगीत सोम ने बेझिझक कहा, “मैं हमेशा ऐसे ही बोलता हूं।”
योगी आदित्यनाथ से नजदीकी पर सफाई
दूसरे वीडियो में देखा गया कि एक कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पीछे हटने का इशारा किया. इस पर संगीत सोम ने सफाई देते हुए कहा, “अगर मेरे मुख्यमंत्री मुझे पीछे होने को कहते हैं तो मैं पीछे हो जाऊंगा. लेकिन सच यह है कि सिक्योरिटी ने जनप्रतिनिधि को आगे आने के लिए कहा था, योगी जी ने नहीं.”
‘मेरी बातचीत हर कार्यकर्ता से होती है’
जब उनसे पूछा गया कि योगी आदित्यनाथ से उनकी आखिरी बातचीत कब हुई थी, तो संगीत सोम ने जवाब दिया, “मेरी भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता से बातचीत होती है। मैंने कब और किससे बात की, यह मैं आपको क्यों बताऊँ?”