Student React on NEET LEAK: अब भरोसा ही नहीं बचा... छात्रों का सिस्टम पर बड़ा आरोप, NEET स्टूडेंट्स का छलका दर्द

NEET UG EXAM 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों का गुस्सा और निराशा लगातार सामने आ रही है. कई छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे साल कड़ी मेहनत की थी और एग्जाम के बाद अच्छे स्कोर की उम्मीद भी थी, लेकिन अचानक परीक्षा रद्द होने से सब पर पानी फिर गया. अभ्यर्थियों का कहना है कि यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि उनके करियर का सवाल है. बार-बार पेपर लीक और री-एग्जाम से मानसिक दबाव बढ़ रहा है. कई छात्र पहले ही दिन-रात मेहनत कर चुके थे, और अब फिर से उसी प्रक्रिया से गुजरना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है. उन्हें यह भी डर है कि अगली बार वही प्रदर्शन कर पाएंगे या नहीं.

कोटा जैसे कोचिंग हब से भी छात्रों और अभिभावकों की चिंता सामने आई है. उनका कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाएं होना सिस्टम की बड़ी नाकामी है. कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि अगर दोबारा परीक्षा में प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा तो उनके चयन पर असर पड़ेगा. हालांकि एजेंसी ने साफ किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को फीस नहीं देनी होगी और पुराना रजिस्ट्रेशन ही मान्य रहेगा. लेकिन इसके बावजूद सबसे बड़ा सवाल यही है कि छात्रों की मेहनत और भरोसे की भरपाई कैसे होगी.