ग्राउंड रिपोर्ट: 47°C गर्मी में भी हज यात्रा, सऊदी सरकार ने गर्मी से राहत देने के अपनाए ये नायाब तरीके

आज हज का नौवां दिन यानी अराफात का दिन है, जिसे हज का सबसे अहम दिन माना जाता है. NDTV की इस खास ग्राउंड रिपोर्ट में हम आपको मक्का के अराफा इलाके से सीधे तस्वीरें दिखा रहे हैं, जहां लाखों हाजी इकट्ठा होकर इबादत में जुटे हुए हैं.

मान्यता है कि अराफात के दिन की गई दुआएँ खास तौर पर कबूल होती हैं और अल्लाह ताला इस दिन बंदों के गुनाह भी माफ करते हैं. यही वजह है कि मीना से करीब 6-7 किलोमीटर का सफर तय कर हाजी अराफा पहुंचते हैं और जबल रहमा (रहमत का पहाड़) की ओर बढ़ते हैं.

जबल रहमा को इस्लामी इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. कहा जाता है कि पैगंबर मोहम्मद ने अपने आखिरी हज के दौरान यहीं दुआ की थी. यही कारण है कि हर हाजी यहां आकर दुआ मांगना चाहता है. भीषण गर्मी, जहां तापमान 46-47°C तक पहुंच जाता है, उसके बावजूद हाजियों का उत्साह कम नहीं होता. सऊदी प्रशासन भी यात्रियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम कर रहा है — जगह-जगह पानी का छिड़काव, कूलिंग सिस्टम, छाते और आराम की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

सुबह फजर की नमाज के बाद से लेकर शाम तक हाजी यहीं रुककर इबादत करते हैं और फिर सूर्यास्त के बाद मुज़दलिफा की ओर रवाना होते हैं. यह रिपोर्ट आपको हज की आध्यात्मिकता, आस्था और व्यवस्थाओं की पूरी झलक दिखाएगी.