Dubare elephant camp accident:2 हाथियों में नहाने के दौरान भीषण लड़ाई, पास खड़ी महिला की दबकर मौत

कर्नाटक के कोडागु (कुर्ग) जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला हादसा सामने आया है, जहां डुबारे एलिफेंट कैंप में एक महिला पर्यटक की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब कैंप में हाथियों को कावेरी नदी में नहलाया जा रहा था और बड़ी संख्या में पर्यटक वहां मौजूद थे.

मृतका की पहचान चेन्नई की रहने वाली 33 वर्षीय ज्युनेश के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, नहाने के दौरान अचानक दो हाथियों के बीच झड़प शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि ‘कंजन’ नाम का हाथी दूसरे हाथी ‘मार्थंडा’ पर हमला कर बैठा.

इस भिड़ंत के दौरान हालात बेकाबू हो गए और एक हाथी का संतुलन बिगड़ गया. उसी दौरान वह पास खड़ी महिला पर्यटक पर गिर पड़ा. महिला नीचे दब गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथियों के बीच टकराव और मौके पर मची अफरा-तफरी को देखा जा सकता है. वीडियो बेहद विचलित करने वाला है, जिसमें महिला को बचाने की कोशिशें भी नाकाम होती दिखाई देती हैं.

घटना के समय महिला अपने पति और छोटे बच्चे के साथ कैंप में आई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. मौके पर मौजूद महावतों ने स्थिति को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन हाथियों के आक्रामक व्यवहार के कारण हालात बेकाबू रहे. इस घटना के बाद कर्नाटक के पर्यावरण मंत्री ने दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह जांच की जाएगी कि क्या सुरक्षा नियमों (SOP) का पालन ठीक से किया गया था या नहीं.

यह हादसा एक बार फिर वन्यजीव पर्यटन की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है. विशेषज्ञों का मानना है कि हाथी भले ही प्रशिक्षित हों, लेकिन आखिरकार वे जंगली जानवर ही हैं और उनका व्यवहार कभी भी बदल सकता है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ऐसे टूरिस्ट स्पॉट्स पर सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं रोकी जा सकें.