ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज रात दिल्ली पहुंचने वाले हैं. जानकारी के अनुसार, उनका विशेष विमान रात करीब 1:35 बजे नोएडा के जेवर (नोएडा इंटरनेशनल) एयरपोर्ट पर उतरेगा. यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का विमान जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करेगा. ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी दिल्ली पहुंचेंगे. उनकी भारत यात्रा की पुष्टि देर से हुई, लेकिन अब उनका सम्मेलन में शामिल होना तय माना जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर पुतिन और शी जिनपिंग को दिल्ली के अलग-अलग होटलों में ठहराया जाएगा. एक होटल में शी जिनपिंग और दूसरे होटल में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रुकेंगे. दोनों होटलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपी गई है. इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए होटलों के कर्मचारियों का भी वेरिफिकेशन कराया गया है.