- उत्तराखंड के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया है
- पिछले तीन दिनों से उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप महसूस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है
- चमोली, रुद्रप्रयाग, मसूरी, नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, उत्तरकाशी और हरिद्वार में तापमान में इजाफा
देश के मैदानी इलाकों ही नहीं बल्कि पहाड़ी राज्य भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं. उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है. सामान्य से तीन चार डिग्री तापमान बढ़ा हुआ है, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी का एहसास हो रहा है. पहाड़ी क्षेत्रों में 4 डिग्री तो मैदानी क्षेत्रों में 3 डिग्री तक तापमान सामान्य से ज्यादा बढ़ा हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों में मौसम में बदलाव होगा, जिससे तापमान कम होगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
तीन दिनों से गर्मी से लोग परेशान
उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों में लोगों को प्रचंड गर्मी का एहसास हो रहा है. गर्मी ऐसी की मानो मई और जून का महीना शुरू हो चुका हो. तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ज्यादा चल रहे हैं. वहीं उत्तराखंड की चार धाम यात्रा शुरू हो चुकी है ऐसे में वहां जाने वाले यात्रियों को सफर में गर्मी का एहसास हो रहा है. हालांकि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तापमान काफी कम है.
कहां कितना पहुंच रहा अधिकतम तापमान?
- चमोली में 21 अप्रैल को 34.4 डिग्री, 22 अप्रैल को 36.7 डिग्री, 23 अप्रैल को 36.1 डिग्री और 24 अप्रैल को अधिकतम 32 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
- रुद्रप्रयाग में 21 अप्रैल को 34.2 डिग्री, 22 अप्रैल को 35.4 डिग्री, 23 अप्रैल को 35.4 डिग्री और 24 अप्रैल को 35 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया.
- मसूरी में 21 अप्रैल को 25 डिग्री, 22 अप्रैल को 27 डिग्री, 23 अप्रैल को 26.8 डिग्री और 24 अप्रैल को अधिकतम 27 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
- नैनीताल में 21 अप्रैल को 26.6 डिग्री, 22 अप्रैल को 27.01 डिग्री, 23 अप्रैल को 26.9 डिग्री और 24 अप्रैल को 26 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
- देहरादून में 21 अप्रैल को 36 डिग्री, 22 अप्रैल को 37 डिग्री, 23 अप्रैल को 35.5 डिग्री और 24 अप्रैल को अधिकतम 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
- पिथौरागढ़ में 21 अप्रैल को 29.5 डिग्री, 22 अप्रैल को 30.5 डिग्री, 23 अप्रैल को 31 डिग्री और 24 अप्रैल को अधिकतम 31 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
- ऋषिकेश में 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
- उत्तरकाशी में 24 अप्रैल को 33 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
- हरिद्वार में 24 अप्रैल को अधिकतम 39 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
उत्तराखंड में आने वाली है बारिश
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 7 दिनों के लिए उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग ,चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक की सीएस तोमर के अनुसार 25 से 26 अप्रैल उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र हरिद्वार, उधम सिंह नगर जिलों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि 27 अप्रैल से बारिश का सिलसिला और ज्यादा होने की संभावना है, जिसमें उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग, चमोली ,बागेश्वर ,पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और पर्वतीय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है.
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि 30 अप्रैल तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन दिनों के लिए उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. 25 अप्रैल को राज्य के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल में बिजली के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का जारी किया है. 26 अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाओं और बारिश होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: देशभर में गर्मी बरपा रही कहर! 36 शहरों में 43 डिग्री पहुंचा पारा, 14 शहरों में 44 डिग्री के पार













