चमोली: मौसम ने बदली करवट, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड

चमोली जिले में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है. बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब सहित ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है. निचले क्षेत्रों में भी बारिश और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Badrinath Snowfall April: चमोली जनपद में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. अप्रैल में जहां लोग हल्की गर्मी की उम्मीद कर रहे थे, वहीं अचानक हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने ठंड लौटा दी है. बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फ पड़ने से तापमान तेजी से गिरा है. मौसम के इस बदलाव का असर निचले इलाकों में भी साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है.

चोमोली से सुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट...

जनपद के कई क्षेत्रों में बारिश और बूंदाबांदी

शनिवार को चमोली जिले के अलग‑अलग इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली. दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे धूप नहीं निकल पाई. बारिश के चलते लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ और सुबह‑शाम फिर से गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी.

बद्रीनाथ और हेमकुंड में ताजा बर्फबारी

जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ज्यादा सख्त नजर आया. बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और आसपास के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है. बर्फबारी के कारण वहां ठंड काफी बढ़ गई है और ऊंचाई पर मौजूद इलाकों में सफेद चादर बिछ गई है. इससे पहाड़ों में सर्द मौसम एक बार फिर लौट आया है.

मौसम विभाग की चेतावनी हुई सही साबित

मौसम विभाग ने पहले ही चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी जनपदों में बारिश, तूफान और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की थी. अब यह पूर्वानुमान बिल्कुल सटीक साबित हो रहा है. विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में उतार‑चढ़ाव अभी कुछ समय तक बना रह सकता है.

Advertisement

तापमान में दर्ज की गई गिरावट

मौसम के इस बदलाव के चलते निचले इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. जहां बीते दिनों हल्की गर्मी महसूस होने लगी थी, वहीं अब ठंडी हवाओं और बादलों के कारण मौसम फिर से ठंडा हो गया है. लोग सुबह और रात के समय खासतौर पर ठंड महसूस कर रहे हैं.

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए सभी तहसीलों और थाना क्षेत्रों को सतर्क कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान के कब्जे में Trump का पायलट? | Bharat Ki Baat Batata Hoon | Iran Attack On US