- CM योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हजारों महिलाओं ने महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने के खिलाफ प्रदर्शन किया.
- लखनऊ में महिलाओं ने विधानसभा तक पैदल मार्च किया और कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की.
- CM योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा महिला विरोधी हैं और PM मोदी ने विपक्ष को सुधार का मौका दिया था.
महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने वाले संशोधन विधेयक के संसद में पारित नहीं होने पर लखनऊ में विपक्ष के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में हजारों महिलाओं ने पैदल मार्च कर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई. मुख्यमंत्री आवास चौराहे से विधानसभा तक विरोध मार्च निकाला गया. इस दौरान सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला. साथ ही सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को अलोकतांत्रिक बताया और महिला विरोधी करार दिया.
झुलसा देने वाली गर्मी में मुख्यमंत्री के सरकारी घर के पास वाले चौराहे पर एकत्रित महिलाओं ने आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हाथों में बैनर पोस्टर लिए महिलाओं में बीजेपी से जुड़ी महिलाओं के अलावा कुछ महिला संगठनों की कार्यकर्ता शामिल रहीं. इन महिलाओं का दावा है कि विपक्ष ने जानबूझकर महिलाओं से उनका हक छीना है.
महिलाओं के निशाने पर सपा-कांग्रेस
प्रदर्शन कर रही महिलाओं के निशाने पर खासतौर पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी रही. इन महिलाओं ने कहा कि कांग्रेस सपा महिलाओं को उनका हक नहीं देना चाहती, इसलिए इन्होंने बहाने से इस बिल का विरोध किया. महिलाओं का कहना था कि विपक्ष के इस फैसले का नुकसान उन्हें आने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा, जब आधी आबादी इन्हें नकार देगी.
कांग्रेस-सपा पर जमकर बरसे CM योगी
पैदल मार्च के कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी शक्ति के नए संशोधन को गिराने के खिलाफ देशभर में निकल रही आक्रोश रैली में कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके और इंडी गठबंधन के खिलाफ महिलाएं सड़कों पर उतरी हैं. उन्होंने कहा कि मैं महिलाओं को इस बात के लिए आश्वस्त करता हूं कि प्रदेश का हर व्यक्ति महिलाओं को जायज मांग का समर्थन कर रहा है.
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस सपा अलोकतांत्रिक हैं और ये महिला विरोधी हैं. पीएम मोदी ने विपक्ष को महिला विरोधी छवि को दूर करने का अवसर दिया था. देश की आधी आबादी विपक्ष के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है. देश में केवल चार जातियां हैं, पहली महिला, दूसरी गरीब, तीसरी युवा और चौथी किसान की है.
विपक्ष ने महिलाओं के खिलाफ काम किया: CM योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का कार्यक्रम हो, मातृ वंदन योजना हो, शौचालय या उज्जवला हो, पीएम आवास योजना हो या अन्य योजनाएं हो, ये सभी योजनाएं महिलाओं, गरीब और किसानों को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं. आयुष्मान भारत की योजना हर परिवार को स्वावलंबन का माध्यम बना है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 2029 से आरक्षण देने का विधेयक था. ये विपक्ष ने महिलाओं के खिलाफ काम किया है.













