उत्तराखंड में प्रचंड गर्मी का अलर्ट, 40 पार जाएगा पारा, एडवाइजरी भी जारी

उत्तराखंड में अगले 4 दिनों तक भीषण गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है. हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है, जबकि कई जिलों में पारा 35 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

उत्तराखंड में अगले 4 दिनों तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप सहना पड़ सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए राज्य में 1 से 3 डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना जताई है.18 मई से 22 मई तक कई जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. मैदानी जिलों, विशेषकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 20 मई से 22 मई के बीच तापमान 40 डिग्री से अधिक रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. उत्तराखंड में अगले चार दिन यानी 22 मई तक हीट वेव चलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री के ऊपर जा सकता है. इसके अलावा उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. 

19 मई को टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और चमोली में तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच रह सकता है.20 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में 35 से 40 डिग्री तापमान रह सकता है. टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत और पर्वतीय निचले इलाकों में 30 से 35 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है. 21 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से अधिक रह सकता है. वहीं देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री के बीच तापमान रहने की संभावना है. टिहरी, अल्मोड़ा और चंपावत में 30 से 35 डिग्री तापमान रह सकता है.

22 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है. वहीं देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में 35 से 40 डिग्री के बीच तापमान रहने का अनुमान है. टिहरी, अल्मोड़ा और चंपावत में 30 से 35 डिग्री के बीच तापमान रह सकता है. उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रचंड गर्मी पड़ रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सुबह और शाम के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही दिख रही है, जबकि दिन में सड़कों पर सन्नाटा रहता है क्योंकि तापमान काफी ऊपर चला जाता है. पिछले 24 घंटों में हरिद्वार के रुड़की में 39.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि टिहरी के रानीचौरी में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

अगले 4 दिनों के लिए जारी हीट वेव अलर्ट को देखते हुए उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला अधिकारियों को एडवाइजरी भी जारी की है. आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के सभी आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मौसम विभाग की तापमान वृद्धि संबंधी चेतावनी को सभी विभागों, तहसीलों और ब्लॉकों तक तुरंत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है और सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, खासकर ORS, IV फ्लूइड्स, बर्फ और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया है.

Advertisement

हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में विशेष बेड और त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है.नगर निगमों को बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, प्याऊ और वाटर कूलर की व्यवस्था करने को कहा गया है. विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पेयजल और कूलिंग व्यवस्था प्रभावित न हो.

निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों और बाहरी कार्यस्थलों पर काम के समय को सुबह और शाम तक सीमित करने को कहा गया है. शिक्षा विभाग को अत्यधिक गर्मी की स्थिति में स्कूल समय में बदलाव और अवकाश संबंधी निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं. आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. सड़क किनारे काम करने वाले पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, सफाई कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ के लिए सुरक्षा उपायों और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | CM Yogi On Namaz: सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर योगी का आदेश | Sawaal India Ka