उत्तर प्रदेश: जमीन विवाद में मां और बहन को जिंदा जलाया, दो भाइयों समेत 9 लोगों पर केस

पुलिस के मुताबिक, ऐसा आरोप लगाया गया कि कमलेश और कौशल ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन को लेकर विवाद में गोदावरी व सौम्या की हत्या की.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बस्ती:

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जमीन को लेकर विवाद में दो भाइयों ने अपनी मां और बहन को कथित तौर पर जिंदा जला दिया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि इस मामले में सात लोगों को नामजद कर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पुलिस ने कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सेठा गांव में बुधवार को एक घर के अंदर से दो महिलाओं के झुलसे हुए शव बरामद किये.

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान गोदावरी (55) और उनकी बेटी सौम्या (26) के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में गोदावरी के बेटे कमलेश और कौशल तथा एक रिश्तेदार करुणाकर समेत सात लोगों को नामजद करते हुए नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, ऐसा आरोप लगाया गया कि कमलेश और कौशल ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन को लेकर विवाद में गोदावरी व सौम्या की हत्या की.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि गोदावरी के दामाद बबलू दुबे का कहना है कि उसके ससुर की कैंसर से पहले ही मौत हो चुकी है और मरने से पहले उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी गोदावरी और बेटी सौम्या को कुछ जमीन दी थी हालांकि बाकी जमीन दोनों बेटों के नाम भी की थी.

दुबे ने पुलिस को बताया कि पिता के मरने के बाद जब कमलेश और कौशल को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया तथा जमीन उनके नाम करने के लिए दबाव बनाया. उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले मुकदमा दर्ज हुआ था और बृहस्पतिवार को अदालत में गोदावरी और सौम्या की गवाही होनी थी.

Advertisement

पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर एक मकान से दो महिलाओं के जले हुए शव पाये गये थे.

उन्होंने बताया कि मामले की जांच में फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम लिए भेज दिया गया. चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.भाषा सं. सलीम जितेंद्र
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Iran Israel BIG BREAKING: 'जंग तुमने शुरू की खत्म नहीं कर पाओगे' ईरान का पलटवार | Sucherita Kukreti
Topics mentioned in this article