- यूपी के शामली में पुलिस ने दिल्ली-NCR और वेस्ट यूपी के कुख्यात डकैत रिहान अंसारी को मुठभेड़ में मार गिराया है
- रिहान अंसारी के खिलाफ शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में 90 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे
- रिहान अंसारी का आतंक पिछले दस वर्षों से कई जिलों में फैला हुआ था और वह याहिया गैंग से जुड़ा था
उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दिल्ली-एनसीआर और वेस्ट यूपी के कुख्यात डकैत रिहान अंसारी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. 90 से अधिक आपराधिक मुकदमों वाला यह बदमाश पिछले एक दशक से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था.
कैसे हुआ डकैत रिहान का एनकाउंटर
गुरुवार देर रात शामली पुलिस और एसओजी (SOG) टीम को सूचना मिली कि झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाश किसी बड़ी लूट की फिराक में हैं. पुलिस ने जैसे ही बदमाशों को रोकने की कोशिश की, उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. बदमाशों की इस फायरिंग में शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने भी डिफेंस फायरिंग की, जिसमें रिहान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. रिहान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कौन था रिहान अंसारी?
रिहान अंसारी का आतंक दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में फैला था. वह पिछले 10 सालों से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था. वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में था और उनके साथ मिलकर शामली व आसपास के क्षेत्रों में लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था.
90 मुकदमों का रिकॉर्ड
रिहान के खिलाफ शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे 90 से अधिक मामले दर्ज थे. नवंबर 2025 में झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से हुई लूट के बाद उस पर सहारनपुर डीआईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
विदेशी हथियार और लूट का सामान बरामद
एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में असलहा और लूटा हुआ सामान बरामद किया है. इसमें एक इटली निर्मित 'Beretta' .32 बोर पिस्टल और एक देसी पिस्टल (.32 बोर), 8 जिंदा और 7 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट वाली एक काली स्प्लेंडर बाइक और ओप्पो का एक लूटा हुआ मोबाइल, 2 अन्य मोबाइल, लूटी गई 2 अंगूठी और नकदी मिले हैं.
शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रिहान का मारा जाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता है. उन्होंने कहा, "रिहान का आपराधिक इतिहास बहुत लंबा है. वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन कल रात की मुठभेड़ में वह ढेर हो गया. उसके फरार साथी की तलाश जारी है."














