- कुशीनगर के कसया नगर में काले रंग की थार ने तेज रफ्तार से वाहन टक्कर मारकर तांडव मचाया
- थार चालक पुलिस की रोकथाम के बावजूद वाहन की रफ्तार बढ़ाकर कई वाहनों को टक्कर मारता भाग निकला
- भागती थार ने ऑटो में बैठे महिला और बच्चे को टक्कर मारी, महिला ने बच्चे को गोद में लेकर गाड़ी से कूदकर बचाया
कानपुर में दो दिन पहले लैंबॉर्गिनी वाले तांडव के बाद बीती दोपहर यूपी के एक और शहर कुशीनगर में भी ऐसा ही सीन देखने को मिला है.यहां काले रंग की थार ने जमकर तांडव मचाया.हद तो तब हो गई जब पुलिसवाले के रोकने के बाद भी थार चालक नहीं रुका और रफ्तार बढ़ा दी और सामने आने वाले वाहनों को टक्कर मारते हुए भाग निकला.थार वाले की इस दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
जानिए पूरा मामला
मामला कुशीनगर के कसया नगर के पुराने फाजिलनगर मार्ग का है. यहां मंगलवार शाम तेज रफ्तार काले रंग की थार ने जमकर तांडव मचाया. थार वाले को तो जैसे अलग ही सनक चढ़ी थी. वीडियो में उसने हर उस वाहन को टक्कर मारी जो उसके सामने आया. यहां तक की पुलिस के रोकने पर भी नहीं रुका और बाकी वाहनों को टक्कर मारता भाग निकला.
मां को बच्चे के साथ कूदकर बचानी पड़ी जान
वीडियो में भाग रही थार ने सामने से आ रही ऑटो में जोरदार टक्कर मारा,ऑटो को सामने से हटाने के लिए थार चालक ने बैक कर फिर टक्कर मारी जिसमें बैठी एक महिला ने अपने दूधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर चलती गाड़ी से कूदकर जान बचाई. यह भयानक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई,जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
थार वाले की सनक हैरान कर देगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोला बाजार से होते हुए पुराने फाजिलनगर रोड पर दो सिपाही बाइक से थार का पीछा कर रहे थे.सिपाहियों ने शीशे पर हाथ मारकर वाहन रोकने की कोशिश की,लेकिन चालक ने पुलिस की परवाह किए बिना वाहन की गति बढ़ा दी.इसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार को भी चपेट में ले लिया.अचानक हुई टक्कर से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर लगते ही ऑटो में बैठी एक महिला अपने दूधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर चलती गाड़ी से कूद जाती है,जिससे उसकी और बच्चे की जान बच पाती है.वीडियो में एक युवक गुस्से में थार पर पत्थर फेंकते हुए भी नजर आता है.हालांकि थार चालक गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब हो गया. कसया थाना प्रभारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और विधिक कार्रवाई की जा रही है.फिलहाल थार और उसका चालक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं,लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर तलाश तेज कर दी गई है.














