Basti Wedding Drama: उत्तर प्रदेश में एक दरोगा उर्फ 'मेजर' की अधूरी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसकी पटकथा किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. प्रेमी ने धमकी दी, जिसके बाद दूल्हा बने दरोगा ने बारात ले जाने से मना कर दिया. आखिर में प्रेमी के साथ दुल्हन की शादी कराकर विदा कर दिया गया.
बारात ले गए तो वापस नहीं आओगे... प्रेमी की धमकी
यह मामला है दुबौलिया थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाले विकास (बदला हुआ नाम), जो लखनऊ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं, उनकी शादी 20 अप्रैल को मड़वानगर की एक युवती से होनी थी. इसके लिए सारे इंतजाम हो गए थे, बस्ती शहर के एक होटल में बारात के स्वागत की भव्य तैयारियां थीं. सोमवार 20 अप्रैल को दोपहर जब दूल्हा सज-धजकर बारात निकालने ही वाला था, तभी पकड़ी चौहान गांव में एक कार आकर रुकी. कार से उतरे युवक ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए सरेआम ऐलान किया कि अगर, बारात मड़वानगर लेकर गए, तो सही-सलामत वापस नहीं आओगे.
Sub-Inspector Skips Own Wedding After Death Threats from Bride's Lover in Basti
दूल्हे ने बारात ले जाने से किया इनकार
सज-धजकर दुल्हन बनकर बैठी युवती के प्रेमी की ओर से अचानक मिली धमकी से शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कार छोड़कर मौके भाग गया. सूचना पर दुबौलिया थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचे और कार को कब्जे में लिया. दुल्हन के प्रेमी के सामने आने के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया.
दुल्हन बारात लेकर पहुंची, दूल्हे से शादी की और विदा कराकर अपने घर ले गई, खूब रोया दूल्हा
दूल्हा नहीं माना तो परिवार ने प्रेमी से कराई शादी
उधर, मड़वानगर और होटल में वधू पक्ष बारात का इंतजार कर रहा था. जब उन्हें इस घटनाक्रम का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. लड़की पक्ष के लोग दूल्हे के घर पहुंचे, काफी मान मनौव्वल की, लेकिन दूल्हा बारात ले जाने के लिए नहीं माना, उसने साफ कह दिया कि वह शादी नहीं करेगा. आखिर, में दुल्हन के परिजनों ने प्रेमी से ही बेटी की शादी करा दी.
दूल्हा पक्ष की ओर से वापस ली गई शिकायत
दुबौलिया पुलिस के अनुसार, युवक की कार पुलिस के पास है. थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल दूल्हा पक्ष की तरफ से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, यदि तहरीर मिलती है, तो आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि दूल्हा पक्ष ने पहले शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन सुलह के बाद में शिकायत वापस ले ली. पूरे जिले में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
1300 KM दूर मिली मोहब्बत: फेसबुक से शुरुआत, अयोध्या में शादी…UP-MP की 3 फीट की जोड़ी की कहानी
(बस्ती से सतीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट)














