₹1500 की ईदी के लिए पूरा परिवार खत्म, पति ने पत्नी और 2 बच्चों को जहर दिया, फिर खुद दी जान, कलह की कहानी

Muzaffarnagar News: इनाम ने बताया कि भाई इरशाद की पत्नी नौरिन कह रही कि तूने बिना पूछे कैसे पैसे दिए. रात चार बजे तक मियां-बीवी में लड़ाई होती रही. सुबह हुई तो कोई भी कमरे से बाहर नहीं निकला, आवाज लगाई, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला. खिड़की से देखा तो इरशाद फंदे से लटका था और बच्चे और नौरिन जमीन पर पड़े थे.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Muzaffarnagar : 1 महीने की बेटी और 2 साल के बेटे के साथ इरशाद.

Muzaffarnagar Crime News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बहन को दी गई 1500 रुपये की ईदी के विवाद में पूरा परिवार खत्म हो गया. लड़ाई के बाद पति ने दो मासूम बच्चों और पत्नी को जहर दे दिया और खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मंगलवार 31 मार्च की सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर तोड़कर देखा गया तो तीन शव जमीन पर पड़े थे और एक लाश फंदे पर लटकी हुई थी. एक घर में चार मौतों की जानकारी लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए.  

जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाला मामला जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट मौहल्ले का है. बताया गया कि ईद के मौके पर इरशाद (30) ने अपनी विवाहित बहन को 1500 रुपये की ईदी दी थी. इसकी भनक इरशाद की पत्नी नौरिन (25) को लगी तो घर में विवाद खड़ा हो गया. सोमवार 30 मार्च को नौरिन की मां और बहनों ने भी घर आकर इरशाद से खूब झगड़ा भी किया. जिसके बाद देर रात तक पति-पत्नी में भी झगड़ा होता रहा. 31 मार्च की सुबह काफी देर तक इरशाद के कमरे से कोई भी बाहर नहीं निकला, आवाज देने पर भी किसी ने कोई जवाब नहीं दिया. 

Muzaffarnagar Man killed Wife And Childs Then Commit Suicide

दरवाजा तोड़ तो सब रह गए दंग 

इसके बाद इरशाद के भाई इनाम समेत अन्य लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए. इरशाद फांसी के फंदे पर लटका था और पत्नी नौरिन के साथ 1 महीने की बेटी अक्सा और 2 साल के बेटे आहिल का शव जमीन पर पड़ा था. शुरुआती जांच के अनुसार, पुलिस का मानना है कि इरशाद ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा.  

भाई ने बताया क्या हुआ था ?

इनाम ने बताया कि भाई इरशाद पेंट का काम करते थे, दो बच्चों और पत्नी के साथ रहते थे. उसने बहन को 1500 रुपये की ईदी दी थी. उसका बच्चा बीमार था, जिसे दिखाने के लिए आई थी. इन्हीं पैसों के कारण विवाद हो रहा था. इरशाद की पत्नी नौरिन कह रही कि तूने बिना पूछे कैसे पैसे दिए. इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि नौरिन ने अपनी मां और बहनों को भी बुला लिया. मोहल्ले में आकर उन्होंने खूब की, गाली-गलौज हुई. बाद में मोहल्ले के लोगों ने समझौता कराके, उन्हें वापस भेज दिया.  लेकिन, रात चार बजे तक मियां-बीवी में लड़ाई होती रही. सुबह हुई तो कोई भी कमरे से बाहर नहीं निकला, आवाज लगाई, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला. खिड़की से देखा तो इरशाद फंदे से लटका था और बच्चे और नौरिन जमीन पर पड़े थे. 

Advertisement

इरशाद के घर के बाहर लगी लोगों की भीड़.

पुलिस कर रही मामले की जांच 

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जानकारी के अनुसार, बहन को दी गई ईदी को लेकर पति-पत्नी में विवाद चल रहा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी. 
 

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Iran Israel War: Donald Trump की युद्ध नीति पर समर्थक क्या बोले? | NDTV India