- अलीगढ़ स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या सात पर एक महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसे उसकी बेटी ने बचाया
- महिला घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से पीड़ित थी, और पति की मारपीट से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया
- ट्रेन स्टेशन पर भारी भीड़ के बीच महिला अचानक पटरी की ओर दौड़ी, तभी उसकी बेटी ने मां को पीछे खींच लिया
अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर रविवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने वहां मौजूद हर शख्स की रूह कंपा दी. एक ओर मौत बनकर आती ट्रेन थी, तो दूसरी ओर जिंदगी की उम्मीद बनकर खड़ी एक मासूम. घरेलू कलह से टूट चुकी एक मां जब अपनी जीवन लीला समाप्त करने पटरी की ओर बढ़ी, तो उसकी नन्ही बेटी ने फरिश्ता बनकर उसे काल के गाल से खींच लिया.
वो खौफनाक मंजर और मासूम की चीख
चश्मदीदों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ थी और ट्रेन स्टेशन में दाखिल हो रही थी. तभी एक महिला अचानक पटरी की ओर दौड़ पड़ी. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, महिला की बेटी ट्विंकल ने बिजली की फुर्ती दिखाई. उसने अपनी नन्हीं बाहों से मां को पीछे से कसकर जकड़ लिया और पूरी ताकत लगाकर पीछे खींचने लगी.
बेटी की चीखें “मम्मी नहीं… मम्मी नहीं…” पूरे स्टेशन पर गूंज उठीं. मासूम का अपनी मां को खोने का डर इतना गहरा था कि उसने तब तक पकड़ नहीं छोड़ी जब तक वहां मौजूद GRP के जवानों ने महिला को सुरक्षित घेरे में नहीं ले लिया.
घरेलू हिंसा और प्रताड़ना की दर्दनाक दास्तां
पूछताछ में पता चला कि महिला लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी. महिला का पति, जो एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत है, अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था. लगातार हो रहे घरेलू विवाद से तंग आकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया. वह अपने मायके (बांदा) जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्टेशन पहुंचते-पहुंचते वह मानसिक रूप से इस कदर टूट गई कि उसने जान देने की कोशिश की.
पुलिस कर रही महिला की काउंसलिंग
घटना के बाद मौके पर पहुंची GRP की टीम महिला और बच्ची को सुरक्षित थाने ले गई. जीआरपी प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि महिला के मायके और ससुराल, दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए काउंसलिंग की जा रही है. ताकि महिला को मानसिक संबल मिल सके और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने."
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |














