फर्जी निकला 'फौजी दूल्हा', वकील दुल्हन ने मंडप में 7 फेरों से पहले यूं सिखाया सबक, बारात‍ियों को भ‍िजवाया जेल

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दुल्‍हन ने वैवाहिक धोखाधड़ी के बड़े मामले का खुलासा किया है. मोबाइल पर खुद को फौजी बताने वाले युवक की जगह जब कोई और बारात लेकर पहुंचा, तो युवती ने शादी से इनकार कर पुलिस बुला ली. पुलिस ने दूल्हे समेत छतरपुर के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद अंतर्गत शाहाबाद कस्बे में शादी के नाम पर धोखे का मामला सामने आया है.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद अंतर्गत शाहाबाद कस्बे में शादी के नाम पर धोखे का मामला सामने आया है. यहां वकील युवती ने विवाह मंडप में ही दूल्हे की हकीकत का पता लगा ल‍िया और उसके बाद शादी से इनकार कर दिया. बारात को बैरंग लौटा द‍िया. 

युवती का आरोप है कि मोबाइल और व्हाट्सऐप के माध्यम से उसकी बातचीत जिस युवक से होती थी, वह खुद को 'राहुल मिश्रा' बताता था और भोपाल में भारतीय सेना में तैनात होने का दावा करता था. लेकिन जब बारात घर पहुंची, तो दूल्हे के रूप में आए युवक की पहचान पूरी तरह अलग निकली.

पहचान बदलते ही मचा हड़कंप

पीड़िता के अनुसार, रिश्ते की सहमति और तमाम बातचीत राहुल मिश्रा नाम के व्यक्ति से ही हुई थी. दोनों परिवारों के बीच संबंध तय होने के बाद, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीती रात बारात शाहाबाद पहुंची. जयमाल और विवाह की रस्मों से ठीक पहले युवती को दूल्हे के हाव-भाव देखकर शक हुआ. जब युवती ने पूछताछ की, तो युवक ने अपना असली नाम देवेंद्र सिंह परिहार बताया. वहीं, बारात में शामिल अन्य लोग भी युवक की सही पहचान और पृष्ठभूमि के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके.

इस खुलासे के बाद मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और कन्या पक्ष के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. युवती ने आशंका जताई कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जो युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देता है. युवती ने मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. 

Advertisement

hardoi shahabad marriage fraud advocate bride refuses groom fake identity case

6 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही शाहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे सहित कई संदिग्ध बारातियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. इस मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 

गिरफ्तार आरोपी

  1. देवेन्द्र सिंह परमार (पुत्र कन्हैया जू परमार, निवासी गटेवरा, छतरपुर)
  2. मंगलदीन (पुत्र मुलुआ पटेल, निवासी गटेवरा, छतरपुर)
  3. रामौतार बाजपेई (पुत्र घनश्याम बाजपेई, निवासी गटेवरा, छतरपुर)
  4. मुकेश सेन (पुत्र आशाराम, निवासी गटेवरा, छतरपुर)
  5. शरीफ (पुत्र वहीद, निवासी संकट मोचन पहाडिया, छतरपुर)
  6. मुलायम यादव (पुत्र प्रभुदयाल, निवासी लखरावन, छतरपुर)

hardoi shahabad marriage fraud advocate bride refuses groom fake identity case

परस्पर विरोधी बयान और मेडिकल जांच

CHC शाहाबाद के डॉ. जीशान ने बताया कि पुलिस द्वारा देवेंद्र नाम के एक मरीज को भर्ती कराया गया है. युवक का कहना है कि उसके साथ मारपीट हुई है. उसका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और मेडिको-लीगल प्रक्रिया के तहत उसे आगे भेजा जाएगा.

Advertisement

वहीं, दूल्हे दीपेंद्र सिंह परमार ने अपना पक्ष रखते हुए दावा किया कि वह छतरपुर का रहने वाला है और युवती से पिछले चार-पांच महीनों से फोन पर संपर्क में था. उसने आरोप लगाया कि युवती ने अपनी संपत्ति विवाद का हवाला देकर उसे बुलाया था और यहां आने पर उसके व उसके साथियों के साथ मारपीट की गई. बारात में आए मंदिर के पुजारी चंद्रभान ने बताया कि वे केवल पूजा कराने के लिए छतरपुर से आए थे.

सीओ आलोक राज नारायण ने बताया कि 12-13 मई 2026 की मध्य रात्रि को पुलिस को इस घटना की सूचना मिली थी. एक 25 वर्षीय युवती की बातचीत 'राहुल' नामक युवक से होती थी, जिसने खुद को भोपाल का निवासी बताया था. इसी आधार पर रिश्ता तय हुआ था, लेकिन बारात आने पर युवती ने दूल्हे को पहचानने से इनकार कर दिया. दूल्हे ने अपना नाम देवेंद्र बताया और कहा कि वह राहुल को नहीं जानता. पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है और 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. 

यह भी पढ़ें- UP Weather: उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से 28 की मौत; प्रयागराज में सबसे ज्‍यादा तबाही, देखें मृतकों की सूची

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Prateek Yadav Death: Akhilesh Yadav के भाई प्रतीक यादव की अचानक मौत कैसे?
Topics mentioned in this article