उत्तर प्रदेश के हापुड़ में कपड़ा व्यापारी से हुई करीब 17 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि जिस ड्राइवर पर व्यापारी भरोसा करता था, वही इस लूट का मास्टरमाइंड निकला. पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ है. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है.
कपड़ा व्यापारी से 17 लाख की हुई थी लूट
दरअसल, 31 मई की रात बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी से 16 लाख 92 हजार रुपये की लूट की वारदात हुई थी. आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में स्वाट टीम और बाबूगढ़ पुलिस को लगाया गया. जांच के दौरान पुलिस को व्यापारी के ड्राइवर लक्ष्य रावत पर शक हुआ. पूछताछ में ड्राइवर ने अपने दो साथियों मन्नू उर्फ रिजवान और निहाल अहमद के साथ मिलकर पूरी साजिश रचने की बात कबूल कर ली. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी.
व्यापारी का ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड
इसी दौरान अलीपुर अंडरपास के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 16 लाख 50 हजार रुपये नकद, अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है. पुलिस का कहना है कि भरोसे का फायदा उठाकर ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी योजना बनाई थी. हालांकि हापुड़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर न सिर्फ घटना का खुलासा किया, बल्कि लूटी गई अधिकांश रकम भी बरामद कर ली. इस सफलता को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है.
16.50 लाख बरामद
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि 31 मई की रात बाबूगढ़ क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी से 16.92 लाख रुपये की लूट की घटना हुई थी. जांच के दौरान व्यापारी के ड्राइवर लक्ष्य रावत की भूमिका संदिग्ध पाई गई. पूछताछ में उसने अपने दो साथियों मन्नू उर्फ रिजवान और निहाल अहमद के साथ मिलकर वारदात की साजिश रचने की बात स्वीकार की. आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान अलीपुर अंडरपास के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उनके कब्जे से 16.50 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है.
ये भी पढ़ें: 5 लाख की सुपारी, फर्जी नंबर प्लेट और सेकंड हैंड बाइक से रची गई साजिश, संदीप सिंह हत्याकांड में हुआ खुलासा
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027: दो-तीन महीने पहले ही प्रत्याशी उतार देंगे अखिलेश, सपा-कांग्रेस में 80 सीटों पर बन सकती है बात
ये भी पढ़ें: सरकारी गाड़ी छोड़ जब बैलगाड़ी चलाने लगे CO रविकांत गौड़, खाकी की सादगी ने जीता सबका दिल; वायरल हुआ VIDEO











