शनिवार को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में उत्पीड़न से परेशान होकर भारत में शरण लेकर रहने वाले 331 बांग्लादेशी हिंदू परिवारों को जमीनों का पट्टा सौंपा है. सीमावर्ती लखीमपुर जिले में बांग्लादेश से विस्थापित होकर भारत आए हिंदू परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र कार्यक्रम में आवंटन पत्र सौंपा गया. इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि पापी पाकिस्तान, जिसकी वजह से भारत का विभाजन हुआ, उस पाकिस्तान के टुकड़े हुए. अभी और टुकड़े का इंतज़ार करिए, पाकिस्तान अभी और टुकड़ो में बंटने वाला है.
पाकिस्तान में हिंदुओं, सिखों, बौद्धों पर अत्याचार
CM योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेशी हिंदुओं को संबोधित करते हुए कहा कि उस पापी पाकिस्तान के पाप की सजा वहां रह रहे हिंदुओं, सिखों, बौद्धों, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को मिली है. उन्होंने कहा का उनके यहां किसी अन्य जाति के लिए अस्तित्व नहीं है. उन्होंने कहा कि जिस बांग्लादेश ने इन्हें ठुकराया, जिस पाकिस्तान के पाप के कारण इनपर अत्याचार हुआ था, उस बांग्लादेश से विस्थापित होकर उनकी जमीन पर, सम्पत्ति पर वहां के दरिंदों ने वहां कब्जा किया.
कांग्रेस पर हमला, कहा- आपसे वोट लेते रहे लेकिन मालिकाना हक नहीं दिया
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस का पाप देखिए, आप से वोट लेते रहे लेकिन आपको कभी मालिकाना अधिकार नहीं दिया. आपकी पहचान छिपाने के लिए गांव का नाम भी मियांपुर रख दिया. सोचिए, एक भी मियां नहीं लेकिन फिर भी नाम मियांपुर है. अब यह मियांपुर नहीं रहेगा, अब बांग्लादेश से आए इन बंधुओं की बस्ती का नाम रविन्द्रनगर होगा. भारत को राष्ट्रगान देने वाले गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के नाम पर अब आपकी पहचान होगी.
भारत में बांग्लादेश में प्रताड़ित हो रहे हिंदुओं के साथः योगी
लखीमपुर में सीएम ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू प्रताड़ित होते हैं, सिख, बौद्ध प्रताड़ित होते हैं, उसकी आस उसका विश्वास भारत की तरफ होता है, वह भारत की तरफ देखता है. भारत उसको न्याय देगा, भारत उसके साथ खड़ा होगा, भारत उसके साथ किस रूप में खड़ा हो रहा है, आज आप इस रूप में देख सकते हैं. आपके पूर्वज बांग्लादेश में रहते थे, लेकिन आपको मालिकाना अधिकार भारत में लखीमपुर की धरती पर प्रधानमंत्री मोदी जी के कारण मिल रहा है.
1970 के दशक में भारत आए थे ये बांग्लादेशी हिंदू परिवार
बांग्लादेश से आए हिंदुओं से सीएम ने कहा कि 1971, 1973, 1976 और 1978 में आप यहां आए. आप केवल सीमा पार करके ही यहां नही आये थे, आप अपने साथ टूटे हुए सपनो को और उसकी पीड़ा लेकर आये थे, बिछड़े हुए अपनो की यादें लेकर और एक अनिश्चित भविष्य लेकर आये थे. आप ने अपना घर अपनी मर्ज़ी से नही छोड़ा, आपको अपना घर छुड़वा दिया गया क्योंकि उन दरिदों ने आपके घरों पर कब्जा कर लिया था, जो आज भी बांग्लादेश में हिंदुओं की निर्मम हत्या कर रहे हैं.
आप हिंदू थे, आपको हिंदुस्तान ने ही गले लगायाः योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बांग्लादेश में अपनी जमीन छोड़ने के लिए आपको मजबूर कर दिया गया, आपकी आजीविका छीनी गई, आपको अपनो की यादों को पीछे छोड़ना पड़ा लेकिन आपके मन मे आशा थी कि भारत मे ठौर-ठिकाना सम्मान मिलेगा. याद करिए, आपको उस बांग्लादेश, पाकिस्तान ने नहीं अपनाया. आप हिंदू थे तो आपको हिंदुस्तान ने ही गले लगाया. आप सिख थे, बौद्ध जैन पारसी थे तो हिंदुस्तान ने ही आपको अपने गले से लगाया.
यह भी पढ़ें - CM Yogi ने किया बड़ा ऐलान: अब UP में बनेगा दूसरा 'Noida', लोगों को मिलेंगी ये सुविधाएं














