प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकते हैं नामांकन

भारत सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. 5 से 18 वर्ष के बच्चे वीरता, खेल और साइंस समेत छह श्रेणियों में ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026
X- @MinistryWCD

भारत सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं. यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने कम उम्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं. पुरस्कार के लिए आवेदन और नामांकन की आखिरी तारीख 31 जुलाई, 2026 है. महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने पैरेंट्स, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से योग्य बच्चों को इस सम्मान के लिए नामांकित करने की अपील की है.

ऑनलाइन होंगे आवेदन

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है, ताकि देश के किसी भी हिस्से से बच्चे आसानी से आवेदन कर सकें. इच्छुक उम्मीदवारों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर जरूरी जानकारी भरनी होगी. आवेदन पत्र में नाम, जन्म तिथि, आधार संख्या, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी जैसी जानकारियां देनी होंगी.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस पुरस्कार के लिए 31 जुलाई 2026 तक 5 से 18 साल की उम्र के बच्चे पात्र होंगे. नामांकन खुद बच्चा, उसके पैरेंट्स, शिक्षक, कोई संस्था या दूसरा व्यक्ति भी कर सकता है. सरकार का मकसद ऐसे बच्चों की पहचान करना है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण कार्य कर समाज और देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया हो. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार छह प्रमुख श्रेणियों में प्रदान किया जाता है, जिनमें वीरता, समाज सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति और साइंस एवं टेक्नोलॉजी शामिल हैं. इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.

Advertisement

आवेदन में क्या-क्या होगा जरूरी?

आवेदन करते समय नामांकित बच्चे की उपलब्धियों और उनके प्रभाव की अधिकतम 1000 शब्दों में जानकारी देनी होगी. इसके साथ संबंधित डॉक्युमेंट्स और हाल ही की एक फोटो भी अपलोड करनी होगी. आवेदन को जमा करने से पहले ड्राफ्ट के तौर पर सेव किया जा सकता है, जिससे जरूरत पड़ने पर उसमें बदलाव भी किया जा सके. सफल सबमिशन के बाद आवेदन की डाउनलोड कॉपी भी उपलब्ध होगी.

Featured Video Of The Day
दिल्ली लालकिला धमाके के आरोपी कोर्ट जाते वक्त खिलखिलाते नजर आए, वीडियो