जून महीने का दूसरा सप्ताह चल रहा है, लेकिन मध्य प्रदेश के लाखों किसान अब भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. हर गुजरते दिन के साथ किसानों के बीच सवाल बढ़ रहे हैं कि आखिर पैसा कब आएगा. इसी बीच एक नई चर्चा भी जोर पकड़ रही है. कहा जा रहा है कि 14वीं किस्त में हुई देरी को देखते हुए सरकार 14वीं और 15वीं किस्त एक साथ जारी कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो पात्र किसानों के खातों में एक साथ 4000 रुपये पहुंच सकते हैं. हालांकि इस चर्चा को भी महज अटकलें या कयास ही माना जा रहा है, क्योंकि अभी तक राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा या जानकारी नहीं की गई है.
क्या जून के आखिरी हफ्ते तक आ जाएगा पैसा?
यह चर्चा इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि खरीफ सीजन की तैयारियां तेज हो चुकी हैं. किसानों को बीज, खाद और दूसरी जरूरी चीजों पर खर्च करना पड़ता है. ऐसे समय में सरकारी सहायता की रकम उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. यही वजह है कि योजना से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी पर किसानों की नजर बनी हुई है. इस बीच ये चर्चा भी जोरों पर है कि 14वीं किस्त जून के आखिर तक जारी हो सकती है. हालांकि, सरकार की ओर से इस संबंध में कोई तारीख नहीं दी गई है. ऐसे में किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे केवल सरकारी अपडेट पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें.
किसान ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
जिन किसानों को अपनी किस्त की स्थिति जाननी है, वे योजना के ऑफिशियल पोर्टल saara.mp.gov.in पर जाकर जानकारी देख सकते हैं. यहां 'मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना हितग्राही स्थिति' विकल्प के जरिए आधार नंबर, बैंक खाता संख्या या पीएम किसान आईडी दर्ज कर स्टेटस चेक किया जा सकता है.
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 4000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि केंद्र सरकार की योजनाओं से अलग अतिरिक्त मदद के तौर पर दी जाती है. योजना का मकसद किसानों की आमदनी को सहारा देना और खेती से जुड़े खर्चों का बोझ कुछ हद तक कम करना है. राशि किस्तों में किसानों के खातों में भेजी जाती है.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि किसानों को सिर्फ 14वीं किस्त मिलेगी या फिर सरकार दो किस्तों का पैसा एक साथ जारी कर सकती है. फिलहाल इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है, इसीलिए कयास और अंदाजा लगाने का सिलसिला जारी है. उम्मीद है कि जल्द ही इस संबंध में सरकार की ओर से जल्द तस्वीर साफ की जाएगी.