Ayushman Bharat Yojana: फैमिली में 70 साल से ज्यादा के बुजुर्ग हैं तो मिलेगा 10 लाख का फ्री हेल्थ कवर, लेकिन समझ लें ये पेंच

Ayushman Bharat Yojana: आयुष्मान भारत योजना निश्चित रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी राहत है. लेकिन स्कीम के नियमों को समझना जरूरी है ताकि आप अपने परिवार के लिए इसका पूरा लाभ उठा सकें.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Ayushman Bharat scheme: आयुष्मान भारत योजना ने करोड़ों परिवारों को राहत दी है. अब वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपये के कवर से बुजुर्गों के इलाज की चिंता काफी हद तक खत्म होगी.
नई दिल्ली:

अगर आपके परिवार में कोई सदस्य 70 साल या उससे ज्यादा उम्र का है, तो आपके लिए खुशखबरी है. केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Pradhan Mantri Jan Arogya Yojana - PMJAY) के तहत ऐसे परिवारों को अब 10 लाख रुपये तक का फ्री हेल्थ कवर देने का ऐलान किया है. लेकिन इस स्कीम में एक छोटी-सी शर्त है, जिसे समझना जरूरी है ताकि बाद में कोई दिक्कत न हो.

कैसे मिलेगा 10 लाख का हेल्थ कवर?

पहले इस योजना के तहत हर परिवार को 5 लाख रुपये तक का फ्री हेल्थ कवर मिलता था. अब सरकार ने इसमें एक बड़ा बदलाव किया है. अगर किसी परिवार में कोई सदस्य 70 साल या उससे अधिक उम्र का है, तो ऐसे परिवार को अब 10 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा. इसमें 5 लाख रुपये का कवर पूरा परिवार (पति, पत्नी और बच्चे) के लिए रहेगा और बाकी 5 लाख रुपये सिर्फ 70 साल से ऊपर के सदस्यों के लिए  होगा.

यानी अगर परिवार ने अपने हिस्से का 5 लाख रुपये इलाज में इस्तेमाल कर लिया है, तो वो अपने माता-पिता या दादा-दादी के लिए रखे गए अतिरिक्त 5 लाख का उपयोग नहीं कर पाएगा.

किसे मिलेगा फायदा और क्या है प्रक्रिया?

आयुष्मान योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या पर कोई लिमिट नहीं है. यानी एक ही परिवार के सभी सदस्य, चाहे तीन पीढ़ियां हों, इस योजना का लाभ ले सकते हैं.

Advertisement

इस स्कीम में 70 साल या उससे ज्यादा उम्र का व्यक्ति बिना किसी आय सीमा के लाभ उठा सकता है. उसके लिए सिर्फ आधार कार्ड जरूरी है, जिससे उम्र का वेरिफिकेशन किया जाएगा.

रजिस्ट्रेशन के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी (Aadhaar e-KYC) जरूरी है. जो लोग नामांकन करना चाहते हैं, वे http://www.beneficiary.nha.gov.in या आयुष्मान ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

Advertisement

एक बार स्कीम चुनने के बाद वापसी नहीं

अगर कोई वरिष्ठ नागरिक पहले से किसी सरकारी स्वास्थ्य योजना जैसे CGHS या ESIC के तहत कवर है और अब वह आयुष्मान भारत योजना का विकल्प चुनता है, तो दोबारा पहले वाली योजना में नहीं लौट सकता. यह एक बार का फैसला होगा.

क्या प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस वाले भी ले सकते हैं फायदा?

जी हां, जिन वरिष्ठ नागरिकों के पास पहले से कोई प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस है, वे भी आयुष्मान भारत योजना का फायदा ले सकते हैं. इसके लिए किसी आय सीमा या शर्त की जरूरत नहीं है.

आयुष्मान भारत योजना ने करोड़ों परिवारों को राहत दी है. अब वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपये के कवर से बुजुर्गों के इलाज की चिंता काफी हद तक खत्म होगी. लेकिन ध्यान रखें कि यह अतिरिक्त राशि सिर्फ 70 साल से अधिक उम्र के परिवार के सदस्यों के लिए ही है.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bharat ki Baat Batata Hoon | अब NATO से भिड़े Trump! Iran War में 8 भारतीयों की मौत