Microsoft ने अपने ऑपरेटिंग सिस्टम Windows 11 में बड़ा बदलाव किया है. अब यूजर्स को अपडेट्स पर पहले से ज्यादा कंट्रोल मिलेगा. पहले जहां सिस्टम जबरदस्ती अपडेट इंस्टॉल कर देता था, अब यूजर अपनी सुविधा के हिसाब से अपडेट को टाल सकते हैं और रीस्टार्ट भी अपने समय पर कर सकते हैं. काफी समय से यूजर्स शिकायत कर रहे थे कि Windows अपडेट के दौरान अचानक सिस्टम रीस्टार्ट हो जाता है और काम बीच में रुक जाता है. अब Microsoft ने इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नया सिस्टम तैयार किया है, जिससे यूजर्स को ज्यादा सुविधा और नियंत्रण मिलेगा, जबकि सिस्टम की सुरक्षा भी बनी रहेगी.
अब अपडेट को कितने समय तक टाल सकते हैं?
पहले Windows 11 में यूजर्स सिर्फ 35 दिन तक अपडेट को रोक सकते थे. उसके बाद अपडेट इंस्टॉल करना जरूरी हो जाता था. लेकिन अब नए सिस्टम में यूजर हर 35 दिन के बाद अपडेट को फिर से आगे बढ़ा सकते हैं. यानी अगर आप चाहें तो अपडेट को लंबे समय तक टाल सकते हैं, बस हर बार समय रहते उसे एक्सटेंड करना होगा.
कैलेंडर के जरिए आसान प्लानिंग
अब Microsoft ने एक नया कैलेंडर फीचर भी जोड़ा है. इसके जरिए यूजर अपडेट के लिए एक खास तारीख चुन सकते हैं. मान लीजिए आपको ट्रैवल करना है, ऑफिस का काम ज्यादा है या एग्जाम चल रहे हैं, तो आप अपने हिसाब से अपडेट का समय तय कर सकते हैं. इससे काम के बीच में रुकावट नहीं आएगी.
Restart और Shutdown में बदलाव
पहले जब कोई अपडेट पेंडिंग होता था, तो यूजर को 'Update and Restart' या 'Update and Shut Down' जैसे ऑप्शन ही मिलते थे. अब Microsoft ने इसे बदल दिया है. अब आपको सामान्य 'Restart' और 'Shut Down' के ऑप्शन भी मिलेंगे, जिससे आप बिना अपडेट इंस्टॉल किए अपना सिस्टम बंद कर सकते हैं. यह बदलाव खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें तुरंत सिस्टम बंद करना होता है.
सावधान! WhatsApp पर 'फ्री लैपटॉप' का मैसेज खाली कर सकता है आपका बैंक अकाउंट, जानें सच्चाई
और सुधार भी किए गए
Microsoft ने अपडेट सिस्टम को और आसान बनाने के लिए कुछ और सुधार भी किए हैं. अब ड्राइवर, .NET और फर्मवेयर अपडेट्स को एक ही महीने के साइकल में लाया जाएगा, जिससे बार-बार अपडेट नहीं आएंगे.
इसके अलावा, ड्राइवर अपडेट्स को साफ नामों के साथ दिखाया जाएगा, जैसे डिस्प्ले, ऑडियो या बैटरी, ताकि यूजर आसानी से समझ सकें. अगर आप नया डिवाइस सेटअप कर रहे हैं, तो अब आप शुरुआती सेटअप के दौरान अपडेट को स्किप भी कर सकते हैं और बाद में इंस्टॉल कर सकते हैं.
कब मिलेगा यह फीचर?
फिलहाल यह नए फीचर्स टेस्टिंग फेज में हैं और Windows Insider यूजर्स के लिए उपलब्ध हैं. आने वाले कुछ हफ्तों में इन्हें सभी Windows 11 यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.














