Sony ने अपनी PlayStation 5 सीरीज की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी का ऐलान किया है. इस नई कीमत में PS5, PS5 Digital Edition और PS5 Pro तीनों मॉडल शामिल हैं. नई कीमतें 2 अप्रैल 2026 से लागू होंगी. खास बात यह है कि एक साल के अंदर यह दूसरी बार है जब कंपनी ने कीमतें बढ़ाई हैं.
कंपनी का कहना है कि यह फैसला दुनिया भर में बढ़ती लागत और महंगाई को देखते हुए लिया गया है. खासकर मेमोरी चिप्स और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स की कीमतें बढ़ने से कंपनी की लागत बढ़ गई है.
Sony ने सभी बड़े PS5 मॉडल्स की कीमतों में इजाफा किया है. अमेरिका में अब स्टैंडर्ड PS5 की कीमत $649.99 (₹61,533) हो गई है, जो पहले से $100 ज्यादा है. वहीं PS5 Digital Edition अब $599.99 (₹56,801) में मिलेगा, इसमें भी $100 की बढ़ोतरी हुई है.
सबसे ज्यादा महंगा PS5 Pro हुआ है, जिसकी कीमत में $150 की बढ़ोतरी की गई है और अब यह $899.99 (₹85,202) में मिलेगा.
इसके अलावा PlayStation Portal remote player की कीमत भी बढ़ गई है, जो पहले $199.99 था और अब $249.99 (₹23,667) हो गया है. यह बदलाव सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं है, बल्कि UK, यूरोप और जापान जैसे कई देशों में भी कीमतें बढ़ाई गई हैं.
Sony ने इस बढ़ोतरी के पीछे कई वजहें बताई हैं. सबसे बड़ी वजह है इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स की बढ़ती कीमत, खासकर मेमोरी और सेमीकंडक्टर चिप्स. आजकल AI टेक्नोलॉजी की वजह से इन चिप्स की डिमांड काफी बढ़ गई है, जिससे उनकी कीमत भी ऊपर चली गई है. इसके कारण PS5 बनाने की लागत बढ़ गई है.
कंपनी का कहना है कि उसने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही यह फैसला लिया है, ताकि वह आगे भी गेमिंग हार्डवेयर की सप्लाई जारी रख सके.
हालांकि, Sony ने भारत में नई कीमतों का नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले महीनों में यहां भी कीमतें बढ़ सकती हैं. फिलहाल भारत में PS5 Digital Edition की कीमत लगभग ₹49,990 है, जबकि डिस्क वर्जन करीब ₹54,990 में मिलता है.
भारत में इस प्लेस्टेशन की कीमतें इंपोर्ट ड्यूटी, रुपये की वैल्यू और सप्लाई पर भी निर्भर करती हैं, जिससे कीमतों पर और असर पड़ सकता है.
अगर आप PS5 खरीदने की सोच रहे हैं, तो अभी का समय आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. क्योंकि पुराने स्टॉक पर अभी पुरानी कीमतें लागू हो सकती हैं, लेकिन जैसे ही अप्रैल के बाद नया स्टॉक आएगा, कीमतें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह बढ़ना तय है.














