Realme ने भारत में अपना नया बजट स्मार्टफोन Realme P4 Lite 4G लॉन्च कर दिया है. यह फोन कंपनी की P4 सीरीज़ का हिस्सा है और इसकी शुरुआती कीमत 9,999 रुपये रखी गई है. कंपनी ने इसे P4 Power के लॉन्च के लगभग एक महीने बाद पेश किया है. यह स्मार्टफोन 24 फरवरी से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी 6300mAh बैटरी है, जो इसे लंबे समय तक चलने वाला डिवाइस बनाती है.
P4 Lite 4G का डिस्प्ले
Realme P4 Lite 4G में 6.74 इंच का HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. फोन की पीक ब्राइटनेस 563 निट्स तक जाती है, जिससे धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देती है. प्रोसेसर की बात करें तो इसमें ऑक्टा-कोर Unisoc T7250 चिपसेट दिया गया है, जो 12nm प्रोसेस पर बना है और 1.8GHz तक की स्पीड देता है. कंपनी का दावा है कि इस फोन ने AnTuTu बेंचमार्क पर लगभग 2,80,000 का स्कोर हासिल किया है, जो इस कीमत में अच्छा माना जाता है.
P4 Lite 4G की दमदार बैटरी
इस फोन में 6,300mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 15W वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है. इसके अलावा इसमें 6W रिवर्स चार्जिंग की सुविधा भी है, यानी आप इससे दूसरे डिवाइस भी चार्ज कर सकते हैं. इतनी बड़ी बैटरी होने के बावजूद फोन की मोटाई सिर्फ 7.94mm है और इसका वजन 201 ग्राम है. यानी यह ज्यादा भारी या मोटा महसूस नहीं होता. डिजाइन के मामले में भी यह फोन स्लिम और मॉडर्न लुक देता है.
P4 Lite 4G का कैमरा
फोटोग्राफी के लिए Realme P4 Lite में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है. कंपनी ने इसमें AI फीचर्स भी जोड़े हैं, जैसे AI Eraser, AI Clear Face और AI Image Matting, जिससे फोटो को बेहतर बनाया जा सकता है. यह फोन Android 15 पर आधारित Realme UI पर चलता है. इसमें IP54 रेटिंग दी गई है, जो इसे धूल और पानी की छींटों से सुरक्षित बनाती है.
P4 Lite 4G की कीमत और कलर ऑप्शन
Realme P4 Lite 4G दो वेरिएंट में उपलब्ध है. पहला वेरिएंट 4GB रैम और 64GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 9,999 रुपये है. दूसरा वेरिएंट 4GB रैम और 128GB स्टोरेज के साथ 11,999 रुपये में मिलता है. कंपनी 1,000 रुपये का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट या 1,000 रुपये का कूपन ऑफर भी दे रही है. यह फोन 24 फरवरी से Flipkart, Realme की ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध होगा. आप इसे Sea Blue, Beach Gold और Obsidian Black जैसे रंगों में खरीद सकते हैं.














