OnePlus जल्द ही अपना नया स्मार्टफोन OnePlus 15T लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. यह फोन मार्च एंड तक बाजार में पेश किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि यह फोन कॉम्पैक्ट डिजाइन के साथ आएगा, लेकिन इसके अंदर काफी पावरफुल हार्डवेयर मिलेगा. कंपनी ने यह कन्फर्म किया है कि इस फोन में बड़ी 7,500mAh बैटरी और तेज रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले दिया जाएगा, जो खासतौर पर गेमिंग और हाई परफॉर्मेंस के लिए बढ़िया हो सकता है.
वहीं, OnePlus 13T को पहले चीन में लॉन्च किया गया था और बाद में इसे भारत में OnePlus 13s नाम से पेश किया गया था. इसी तरह माना जा रहा है कि नया OnePlus 15T भी पहले चीन में लॉन्च होगा और बाद में दूसरे बाजारों में पेश किया जा सकता है.
हाल ही में फोन का व्हाइट कलर डिजाइन दिखाया गया था और अब इसकी बैटरी और डिस्प्ले से जुड़ी जानकारी भी सामने आ गई है. जैसे OnePlus 15T में 6.32-इंच का डिस्प्ले मिलेगा. यह एक फ्लैट पैनल स्क्रीन होगी और इसके चारों तरफ बहुत पतले बेज़ल्स दिए जाएंगे, जिससे फोन देखने में ज्यादा प्रीमियम लगेगा.
इसके अलावा फोन में बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया जाएगा. यह तकनीक आम ऑप्टिकल स्कैनर की तुलना में ज्यादा सटीक मानी जाती है, जिससे फोन को सुरक्षित तरीके से अनलॉक किया जा सकेगा.
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी हो सकती है. कंपनी के मुताबिक OnePlus 15T में 7,500mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी. इतनी बड़ी बैटरी आमतौर पर बड़े स्मार्टफोन्स में देखने को मिलती है, इसलिए कॉम्पैक्ट डिजाइन के साथ इतनी बैटरी मिलना यूजर्स के लिए खास हो सकता है.
चार्जिंग की बात करें तो फोन में 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा यानी फोन बहुत कम समय में चार्ज हो सकेगा. इसके अलावा फोन के पीछे मैग्नेटिक तरीके से जुड़ने वाले वायरलेस एक्सेसरीज का भी सपोर्ट मिलेगा, जो इसे और ज्यादा सुविधाजनक बना सकता है.
OnePlus 15T को IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसे सर्टिफिकेशन मिल सकते हैं. इसका मतलब है कि यह फोन धूल, पानी के छींटों और यहां तक कि पानी में कुछ समय तक रहने की स्थिति में भी सुरक्षित रह सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट मिल सकता है. यह एक पावरफुल फ्लैगशिप प्रोसेसर माना जा रहा है, जो हाई-एंड परफॉर्मेंस देगा.














