Nothing ब्रैंड 5 मार्च को एक नया प्रोडक्ट लॉन्च करने वाली है. माना जा रहा है कि यह Nothing 4a सीरीज़ हो सकती है. खास बात यह है कि Nothing का यह लॉन्च इवेंट Apple के इवेंट के ठीक एक दिन बाद हो रहा है. Apple का इवेंट 4 मार्च को है और उसके तुरंत बाद 5 मार्च को Nothing अपना इवेंट कर रही है. Nothing के CEO Carl Pei ने सोशल मीडिया पर Apple के इनवाइट पोस्टर की एक तस्वीर शेयर की, जिस पर उन्होंने डिजिटल तरीके से 'Nothing' और '5 March' लिख दिया. इससे साफ इशारा मिल रहा है कि कंपनी 5 मार्च को कुछ बड़ा लॉन्च करने वाली है.
रिपोर्ट्स के अनुसार 5 मार्च को Nothing 4a सीरीज़ लॉन्च हो सकती है. इस सीरीज़ में कम से कम दो मॉडल आने की उम्मीद है - Nothing 4a और Nothing 4a Pro. पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए संभावना है कि कंपनी भारत और ग्लोबल मार्केट में इन फोनों को एक साथ लॉन्च करेगी.
Nothing फिलहाल अपना अगला फ्लैगशिप फोन लॉन्च करने की जल्दी में नहीं है. कंपनी ने अपने फ्लैगशिप मॉडल्स के लिए दो साल का रिफ्रेश साइकिल तय किया है. इसका मतलब है कि Nothing Phone 4 अभी जल्द नहीं आएगा. कंपनी का मानना है कि एक फ्लैगशिप फोन को खास और अलग बनाने के लिए समय चाहिए.
इसी वजह से 4a सीरीज़ कंपनी के लिए बेहद अहम बन जाती है. अगर 4a सीरीज़ सफल रहती है, तो Nothing की पकड़ मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में और मजबूत हो जाएगी. क्योंकि कंपनी ने 14 फरवरी को भारत में अपना पहला ऑफलाइन स्टोर खोला है. यह स्टोर लंदन के Soho के बाद कंपनी का दूसरा स्टोर है. रिसर्च फर्म IDC के मुताबिक Nothing भारत में सबसे तेजी से बढ़ने वाला ब्रांड बन गया है और 2025 में कंपनी ने 45 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है.
Nothing 4a सीरीज़ पिछले साल की Nothing 3a और Nothing 3a Pro का अगला वर्जन होगी. अफवाहों के अनुसार नए मॉडल में USB 3.1 स्टोरेज सपोर्ट और बड़ी बैटरी मिल सकती है.













