Instagram का डायरेक्ट मैसेज यानी DMs में मौजूद एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन फीचर 8 मई 2026 से बंद हो जाएगा. Meta के मुताबिक यह फीचर बहुत कम लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा था, इसलिए इसे हटाने का फैसला लिया गया है. बता दें, Meta ने सबसे पहले 2016 में WhatsApp पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन शुरू किया था. इस फीचर को कंपनी ने अपने तमाम सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म जैसे Instagram, WhatsApp और Facebook Messenger में लागू किया था.
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन क्या है?
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का मतलब होता है कि मैसेज भेजने वाले और प्राप्त करने वाले के अलावा कोई भी उस मैसेज को नहीं पढ़ सकता. यह तकनीक मैसेजिंग को अधिक सुरक्षित बनाती है. लेकिन Instagram में यह सुविधा WhatsApp की तरह डिफॉल्ट रूप से सक्रिय नहीं थी. WhatsApp में हर मैसेज अपने-आप एन्क्रिप्टेड होता है, जबकि Instagram में यह फीचर सिर्फ कुछ देशों में उपलब्ध था और यूज़र्स को इसे हर चैट में अलग से चालू करना पड़ता था. यही कारण था कि बहुत कम लोग इसका यूज़ कर रहे थे.
Meta के एक प्रवक्ता ने कहा कि अगर कोई यूज़र एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ मैसेजिंग करना चाहता है, तो वह आसानी से WhatsApp का इस्तेमाल कर सकता है क्योंकि वहां यह फीचर पहले से ही सभी चैट में मौजूद है.
एन्क्रिप्शन की शुरुआत
Meta ने सबसे पहले 2016 में WhatsApp पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन शुरू किया था. इसके बाद 2019 में कंपनी के CEO मार्क जकरबर्ग ने कहा गया था कि भविष्य में कंपनी के सभी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी को प्राथमिकता दी जाएगी. उस समय उन्होंने कहा था कि निजी बातचीत को एन्क्रिप्शन से सुरक्षित करना ही सही दिशा है.














