चीन में हाल ही में स्प्रिंग फेस्टिवल गाला, 2026 आयोजित किया गया. इस प्रोग्राम में इस बार असली सितारे इंसान नहीं, बल्कि ह्यूमनॉइड रोबोट थे. इसी वजह से इस साल चीन का ये सांस्कृतिक कार्यक्रम इस बार सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. क्योंकि इस प्रोग्राम में मार्शल आर्ट्स से लेकर कठिन डांस मूव्स और बैकफ्लिप तक, इन रोबोट्स ने सबकुछ इंसानों से खूब बेहतर किया. और ये साबित कर दिया कि भविष्य में इंसान और मशीन का रिश्ता कैसा हो सकता है.
यह कार्यक्रम चीन के शहर Yiwu में आयोजित किया गया. इस इवेंट में कई बड़ी रोबोटिक्स कंपनियों ने हिस्सा लिया. इनमें MagicLab, Unitree Robotics, Noetix Robotics और Beijing Galbot शामिल थीं. इन कंपनियों ने अपने नए ह्यूमनॉइड रोबोट्स पेश किए, जिन्हें देखकर दर्शक हैरान रह गए.
Unitree Robotics ने इस गाला में तीसरी बार हिस्सा लिया. कंपनी ने अपने G1 और H2 ह्यूमनॉइड रोबोट्स को ‘WuBOT' नामक मार्शल आर्ट्स थीम पर आधारित प्रस्तुति में शामिल किया. इन रोबोट्स ने असली मार्शल आर्ट कलाकारों के साथ मिलकर कई मुश्किल मूव्स किए. यहां देखिए रोबोट्स के इन डांस मूव्स का पूरा वीडियो...
इनमें हॉर्स स्टांस, फ्लिप, नंचाकू रूटीन और ड्रंकन फिस्ट जैसी तकनीकें शामिल थीं. यह परफॉरमेंस चार मिनट से ज्यादा चली और पूरे समय रोबोट्स ने संतुलन और तालमेल बनाए रखा.
यह कार्यक्रम सिर्फ मार्शल आर्ट्स तक सीमित नहीं था. MagicLab के MagicBot Z1 रोबोट ने 360 डिग्री का कठिन घुमाव, जिसे ‘Thomas 360' कहा जाता है, सफलतापूर्वक पूरा किया. वहीं, Noetix Robotics के रोबोट्स ने एक कॉमेडी स्केच में हिस्सा लिया.
इस गाला में एक साथ इतने ह्यूमनॉइड रोबोट्स का प्रदर्शन यह दिखाता है कि चीन ने मोशन कंट्रोल, बैलेंस एल्गोरिद्म और इंसान-रोबोट इंटरैक्शन के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह उपलब्धि रोबोटिक्स तकनीक में व्यापक सुधार का संकेत है.














