होली के बाद सबसे ज़्यादा परेशानी तब होती है जब रंग मोबाइल कवर पर चिपक जाता है. रंग खेलने के चलते वो फोन शाम को साफ हो पाता है लेकिन दाग तब भी वहीं रह जाता है. ऐसे में मोबाइल देखने में काफी खराब लगता है. सिर्फ होली ही नहीं बल्कि रोज़ाना की गंदगी की वजह से भी मोबाइल कवर मैला होता चला जाता है और महंगे फोन का पूरा लुक खराब कर देता है. इसीलिए बार-बार कवर चेंज करने के बजाय आपको यहां कुछ तरीके बताते हैं, जिनकी मदद से होली के रंग से रोज़ाना के दाग तक, सभी कलर्स मोबइल कवर से हट जाएंगे.
1. सिलिकॉन या रबर कवर की सफाई - सबसे पहले कवर को फोन से अलग कर लें. हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा सा लिक्विड साबुन मिलाएं और कवर को 10-15 मिनट भिगो दें. उसके बाद पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें. अगर रंग जिद्दी है तो बेकिंग सोडा और कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाकर पेस्ट बनाएं और दाग वाली जगह पर 10 मिनट लगाकर छोड़ दें, फिर साफ पानी से धो लें.
2. प्लास्टिक या हार्ड कवर की सफाई - हार्ड कवर पर अगर पक्का रंग लग गया है तो कॉटन पर थोड़ा सा नेल पॉलिश रिमूवर (जिसमें एसीटोन हो) लगाकर हल्के से रगड़ सकते हैं, लेकिन पहले एक कोने में टेस्ट जरूर करें क्योंकि इससे रंग या प्रिंट उतर सकता है. हल्का दाग हो तो टूथपेस्ट लगाकर भी रगड़ सकते हैं.
3. ट्रांसपेरेंट कवर पीला हो गया हो तो - ट्रांसपेरेंट कवर पर होली का रंग जल्दी पकड़ लेता है और कभी-कभी पीला भी पड़ जाता है. ऐसे में बेकिंग सोडा और विनेगर का पेस्ट बनाकर 15-20 मिनट लगाएं, फिर ब्रश से साफ करें. पूरी तरह नया जैसा होना मुश्किल है, लेकिन काफी फर्क दिखेगा.
4. लेदर या फैब्रिक कवर - लेदर या फैब्रिक कवर पर पानी ज्यादा न डालें. हल्के गीले कपड़े से धीरे-धीरे साफ करें. जरूरत हो तो माइल्ड सोप सॉल्यूशन का हल्का इस्तेमाल करें. जोर से रगड़ने पर रंग फैल सकता है.
5. क्या न करें - कवर को धूप में ज्यादा देर न छोड़ें, इससे रंग और पक्का हो सकता है. ब्लीच का इस्तेमाल न करें, खासकर रंगीन कवर पर.














