Apple ने अपने iPhone यूजर्स के लिए एक खास सिक्योरिटी अपडेट iOS 18.7.7 जारी किया है. यह अपडेट उन लोगों के लिए है जो अभी तक iOS का नया वर्जन इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं और पुराने वर्जन पर ही टिके हुए हैं. आमतौर पर Apple हमेशा यूजर्स को लेटेस्ट iOS वर्जन पर अपडेट करने की सलाह देता है, लेकिन इस बार कंपनी ने अलग कदम उठाते हुए पुराने वर्जन यूजर्स के लिए भी सुरक्षा अपडेट जारी किया है.
इसकी वजह है एक खतरनाक हैकिंग टूल, जिसका नाम DarkSword है. यह टूल यूजर्स के फोन से उनकी निजी जानकारी चुरा सकता है, इसलिए Apple ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यह अपडेट रिलीज किया.
DarkSword कितना खतरनाक है?
DarkSword एक तरह का हैकिंग टूलकिट है, जो iPhone के कुछ पुराने iOS वर्जन (iOS 18.4 से 18.7 तक) को निशाना बनाता है. अगर कोई यूजर गलती से किसी खतरनाक वेबसाइट पर चला जाता है, तो यह टूल उसके फोन में घुस सकता है. इसके बाद यह फोन में मौजूद कई तरह की जानकारी जैसे मैसेज, ब्राउजर हिस्ट्री, लोकेशन डेटा और यहां तक कि क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी जानकारी भी चुरा सकता है. यह सारी जानकारी हैकर्स के सर्वर तक पहुंचाई जा सकती है. यही कारण है कि इसे बहुत खतरनाक माना जा रहा है और Apple ने इसे रोकने के लिए तुरंत कदम उठाया.
ये भी पढ़ें - iPhone 17 Pro Max पर मिल रही है 10,000 से ज्यादा की छूट, जानिए कहां और कब तक
DarkSword से जुड़ी स्थिति तब और गंभीर हो गई जब इसका नया वर्जन GitHub नाम की वेबसाइट पर लीक हो गया. GitHub एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां डेवलपर्स कोड शेयर करते हैं. लेकिन इस लीक के बाद यह टूल अब ज्यादा लोगों तक पहुंच सकता है, जिससे हैकर्स के लिए इसे इस्तेमाल करना आसान हो गया है. साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे खासकर उन iPhone यूजर्स को ज्यादा खतरा है, जो अभी तक अपने फोन को अपडेट नहीं कर पाए हैं.
किन देशों में दिखा असर?
DarkSword टूल का इस्तेमाल पहले ही कुछ देशों जैसे चीन, मलेशिया, तुर्की, सऊदी अरब और यूक्रेन में देखा जा चुका है. कंपनी ने पहले ही अपने नए iOS 26 यूजर्स के लिए सुरक्षा अपडेट जारी कर दिया था, लेकिन अब पुराने वर्जन यूजर्स को भी सुरक्षित करने के लिए iOS 18.7.7 लॉन्च किया गया है. अगर आपके iPhone में ऑटोमैटिक अपडेट ऑन है, तो यह अपडेट अपने आप आ जाएगा. इसके अलावा Apple का एक खास फीचर Lockdown Mode भी है, जो ऐसे हमलों से बचाव में मदद करता है.
यह पहली बार नहीं है जब Apple ने पुराने वर्जन यूजर्स के लिए अपडेट जारी किया हो. इससे पहले भी कंपनी ने iOS 17 के लिए Coruna नाम के एक दूसरे खतरनाक हैकिंग टूल से बचाने के लिए सिक्योरिटी अपडेट दिया था.














