आजकल साइबर ठगी का एक नया तरीका तेजी से बढ़ रहा है, जिसे APK स्कैम कहा जाता है. इसमें फ्रॉड करने वाले लोग आपको WhatsApp, SMS या Email के जरिए एक लिंक भेजते हैं और कहते हैं कि इस ऐप को डाउनलोड करें जैसे बैंक ऐप, KYC अपडेट, या कोई ऑफर. लेकिन असल में यह फर्जी APK फाइल होती है, जिसे इंस्टॉल करते ही आपके फोन का डेटा, OTP, बैंक डिटेल्स तक चोरी हो सकते हैं.
इस स्कैम में आपको एक मैसेज आता है 'आपका बैंक अकाउंट ब्लॉक हो जाएगा', 'KYC अपडेट करें', या '₹5000 कैशबैक जीतें'. जैसे ही आप लिंक पर क्लिक करते हैं, आपसे APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है. क्योंकि यह ऐप Google Play Store पर नहीं होता, इसलिए आपको 'Install from Unknown Sources' ऑन करना पड़ता है. यही सबसे बड़ा खतरा है. ऐप इंस्टॉल होते ही हैकर्स आपके फोन को कंट्रोल कर सकते हैं.
APK स्कैम से कैसे बचें?
कभी भी किसी अनजान लिंक से APK फाइल डाउनलोड न करें. हमेशा ऐप सिर्फ Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें. अगर कोई बैंक या कंपनी आपको ऐप इंस्टॉल करने को कहती है, तो पहले उसकी ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक करें.
फोन में 'Unknown Sources' या 'Install Unknown Apps' का ऑप्शन हमेशा बंद रखें. यह सेटिंग ऑन होने पर कोई भी ऐप बिना सुरक्षा जांच के इंस्टॉल हो सकता है. अगर आपको कोई मैसेज बहुत ज्यादा अर्जेंट लगे जैसे 'अभी क्लिक करें वरना अकाउंट बंद हो जाएगा' तो समझ जाएं कि यह फ्रॉड हो सकता है. ऐसे मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें.
अगर गलती से APK इंस्टॉल हो जाए तो क्या करें?
अगर आपने गलती से कोई संदिग्ध APK इंस्टॉल कर लिया है, तो तुरंत इंटरनेट बंद करें और उस ऐप को डिलीट करें. इसके बाद अपने बैंक अकाउंट, UPI और सोशल मीडिया के पासवर्ड तुरंत बदलें. जरूरत पड़े तो फोन को फैक्ट्री रीसेट भी करें. साथ ही अपने बैंक को तुरंत सूचना दें, ताकि कोई गलत ट्रांजैक्शन रोका जा सके.














