निशानेबाज गगन नारंग को राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने खेलों के सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा गया।
नई दिल्ली:
पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज गगन नारंग को सोमवार को राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने खेलों के सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद, तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार और राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। अगले साल होने वाले लंदन ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय निशानेबाज नारंग पिछले साल खेल रत्न नहीं दिए जाने से खफा थे। उन्होंने हालांकि पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मेरी उपलब्धियों को पहचान मिली। मेरे लिए यह यादगार पल है और इसके लिए मैंने बहुत मेहनत की है। नारंग को पदक, स्मृति पत्र और 7.5 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रमंडल खेल 2010 में चार स्वर्ण पदक के अलावा नारंग ने पिछले साल ही एशियाई खेलों में पुरुषों की दस मीटर एयर राइफल एकल वर्ग में रजत पदक जीता था। उन्होंने एशियाई खेलों में टीम वर्ग में भी रजत पदक जीता था। अर्जुन पुरस्कारों की सूची में भारत के तेज गेंदबाज जहीर खान भी शामिल थे। महेंद्र सिंह धोनी और हरभजन सिंह के 2009 में पद्म पुरस्कार समारोह से गायब रहने के बाद जहीर के अर्जुन पुरस्कार समारोह में नहीं शामिल होने से नया विवाद पैदा हो गया है। जहीर इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद भारत में ही हैं। उनके अलावा टेनिस स्टार सोमदेव देववर्मन, जिम्नास्ट आशीष कुमार और चक्का फेंक खिलाड़ी विकास गौड़ा भी टूर्नामेंटों में व्यस्त होने के कारण समारोह में मौजूद नहीं थे। अर्जुन पुरस्कार पाने वाले स्टार खिलाड़ियों में बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा, भारत की पहली विश्व चैम्पियन महिला निशानेबाज तेजस्विनी सावंत, हाकी कप्तान राजपाल सिंह, मुक्केबाज सुरंजय सिंह, फुटबाल खिलाड़ी सुनील छेत्री शामिल है। इनके अलावा राहुल बनर्जी (तीरंदाजी), प्रीजा श्रीधरन (एथलेटिक्स), विकास गौड़ा (एथलेटिक्स), वीरधवल खाड़े (तैराकी), आशीष कुमार (जिम्नास्टिक), रवि कुमार (भारोत्तोलन), रविंदर सिंह (कुश्ती), संध्या रानी (वुशू), प्रशांत करमाकर (तैराकी), संजय कुमार (वॉलीबाल), राकेश कुमार (कबड्डी) और तेजस्विनी (कबड्डी) को भी पिछले तीन साल में उनके प्रदर्शन के आधार पर अर्जुन पुरस्कार दिया गया। आम तौर पर एक कैलेंडर वर्ष में 15 से अधिक अर्जुन पुरस्कार नहीं दिए जाते हैं लेकिन पिछले साल राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और ओलिंपिक को ध्यान में रखते हुए इस बार खेल मंत्रालय ने 19 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिए। जहीर 2009 में गौतम गंभीर के बाद क्रिकेट में अर्जुन पुरस्कार पाने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी हैं जिन्होंने 271 टेस्ट विकेट और 273 वनडे विकेट लिए हैं। सोमदेव ने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था जबकि फ्लायवेट मुक्केबाज सुरंजय सिंह ने लगातार सात स्वर्ण पदक जीते। पिछले साल एशियाई खेलों में लंबी दूरी की धाविका प्रीजा श्रीधरन को स्वर्ण, चक्काफेंक खिलाड़ी विकास गौड़ा को कांस्य और वुशू खिलाड़ी संध्या रानी को रजत पदक मिला था। तीरंदाज राहुल बनर्जी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूषों की रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था जबकि आशीष राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहले भारतीय जिम्नास्ट बने। आशीष ने पुरुषों की वाल्ट में रजत और पुरुषों की फ्लोर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। देश में सर्वश्रेष्ठ कोचों को दिए जाने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार से इनुकुर्ती वेंकटेश्वर राव (मुक्केबाजी), देवेंद्र कुमार राठौर (जिम्नास्टिक), रामफल (कुश्ती), कुंतल राय (एथलेटिक्स) और राजिंदर सिंह (हाकी) को नवाजा गया। अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार में विजेताओं को प्रतिमायें, स्मृति पत्र और पांच लाख रुपये नकद पुरस्कार दिए गए। खेलों में आजीवन योगदान के लिए ध्यानचंद पुरस्कार शब्बीर अली (फुटबॉल), सुशील कोहली (तैराकी) और राजकुमार (कुश्ती) को दिए गए। इन्हें भी एक प्रतिमा, स्मृति पत्र और पांच लाख रूपये दिये गए। राष्ट्रपति द्वारा सोमवार को दिए पद्म पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार गगन नारंग। द्रोणाचार्य पुरस्कार-कुंतल कुमार राय (एथलेटिक्स) ईनुकुर्थी वेंकटेश्वर राव (मुक्केबाजी), देवेन्द्र कुमार राठौर (जिमनास्टिक), राजेन्द्र सिंह (हाकी) और रामफल (कुश्ती)। अर्जुन पुरस्कार- राहुल बनर्जी (तीरदांजी), प्रीजा श्रीधरन (एथलेटिक्स), विकास गोडा (एथलेटिक्स), ज्वाला गुट्टा (बैडमिंटन), सुरंजय सिंह (मुक्केबाजी), जहीर खान (क्रिकेट), सुनील छेत्री (फुटबॉल), आशिष कुमार (जिमनास्टिक), राजपाल सिंह (हाकी), राकेश कुमार (कबड्डी), तेजस्वनी बाई वी (कबड्डी), तेजस्वनी सावंत (निशानेबाजी), विर्धावल विक्रम खडे (तैराक), सोमदेव देववर्मन (टेनिस), संजय कुमार (वालीबाल), रविन्द्र सिंह (कबड्डी), नायब सूबेदार कटुलू रविकुमार (भारोतोलन), वांखेम संध्यारानी देवी (वुशु), प्रशांत कर्माकर (तैराकी-पैरालम्पिक्स)। ध्यानचंद पुरस्कार : शब्बीर अली (फुटबाल), सुशील कोहली (तैराकी) और राजकुमार (कुश्ती), तेजजिंग नार्गे (साहस पुरस्कार), रीना कौशल (थल साहस), ममता सौधा (थल साहस), कमांडर दिलीप दोन्डे (जल साहस) और स्वर्गीय कर्नल (सेवानिवृत) बलवंत सिंह संधु (जीवन पर्यन्यत उपल्ब्धि)। खेल प्रोत्साहन पुरस्कार (पैट्रोलियम स्पोटर्स प्रमोशन बोर्ड) खेलों में वित्तीय सहायता के लिए एन राजचंद्रन (स्क्वाश अकादमी) अकादमी स्थापना के लिये।
Featured Video Of The Day
Top 50 Headlines: Pahalgam Attack | PM Modi | Mother Dairy Milk Price | Bhopal Rape Case | Weather