एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में शुक्रवार को नीदरलैंड्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को 2-0 से हरा दिया. वैगनर स्टेडियम में दूसरे राउंड के पहले मुकाबले में नीदरलैंड्स की टीम पूरी तरह से हावी नजर आई और उन्होंने भारतीय टीम को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया.
मैच की शुरुआत से ही नीदरलैंड्स की टीम भारत के डिफेंस पर हावी नजर आई. नीदरलैंड्स को मैच के तीसरे ही मिनट में सफलता मिली. पेनल्टी कॉर्नर पर मिले गोल करने के मौके को यिब्बी जानसेन ने बखूबी भुनाया और शानदार गोल दागा. नीदरलैंड्स ने इसके बाद भी भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाए रखा. भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में भी गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लगी. भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में अपनी गोलकीपर को भी बदला और सविता पूनिया को मैदान पर उतारा.
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम को मिला पेनल्टी कॉर्नर
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन दीपिका इसे गोल में तब्दील नहीं कर सकीं. पहले हाफ के अंत तक नीदरलैंड्स की टीम 1-0 की बढ़त बनाए रखने में सफल रही. हालांकि, भारतीय टीम के डिफेंस ने इस दौरान नीदरलैंड्स को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया. मैच के 30वें मिनट में सविता ने शानदार बचाव भी किया.
टीम इंडिया को नहीं मिला वापसी का मौका
तीसरे क्वार्टर के दो मिनट के खेल के बाद ही नीदरलैंड्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस बचाव करने में सफल रहा. मैच के 38वें मिनट में नीदरलैंड्स ने अपनी बढ़त को 2-0 कर दिया. पेनल्टी कॉर्नर पर मिले मौके को फ्रिडेरीके माटला भुनाने में सफल रहीं और उन्होंने शानदार गोल दागा.
अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करो या मरो की जंग
2-0 की बढ़त हासिल करने के बावजूद नीदरलैंड्स ने लगातार अटैक करना जारी रखा और भारतीय टीम को मैच में वापसी करने का मौका नहीं दिया. चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन वह नीदरलैंड्स के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे. इस हार के साथ ही भारतीय टीम की राह मुश्किल हो गई है. भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए रविवार को हर हाल में ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा.
हार के बाद क्या बोलीं टीम इंडिया की कप्तान?
मैच के बाद भारतीय कप्तान सलीमा ने कहा, 'हमने लगातार मैच खेले. यह मुश्किल था, लेकिन हमने आखिर तक संघर्ष किया. नीदरलैंड्स एक बहुत अच्छी टीम है और अब हमारा ध्यान अगले मैच पर है. हम इस मैच से सीख लेंगे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैच के लिए बेहतर तैयारी करेंगे.'
ये भी पढ़ें- Hockey World Cup: हारे तो खत्म! नीदरलैंड के खिलाफ टक्कर से पहले कप्तान ने बताया मास्टर प्लान
(आईएएनएस इनपुट के साथ)