FIFA World Cup 2026 Viral Anthem Song: फीफा ने साल 2026 में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के लिए शकीरा, बर्न बॉय, जेली रोल, डैडी यांकी, फ्यूचर और टाइला जैसे दुनिया के सबसे बड़े संगीत सितारों के साथ मिलकर एक बेहद भारी-भरकम साउंडट्रैक तैयार किया है, लेकिन इस ऑफिशियल तामझाम के बीच इंटरनेट पर कुछ ऐसा हुआ है जिसने खेल जगत और म्यूजिक इंडस्ट्री दोनों को चौंका दिया है. यूट्यूब चैनल चलाने वाले एक 21 साल के लड़के 'स्पीड' ने बिना किसी आधिकारिक मंजूरी के वर्ल्ड कप का एक अनऑफिशियल गाना "चैंपियंस" रिलीज कर दिया है. इसे इंटरनेट पर इतनी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है कि फुटबॉल प्रशंसक फीफा के आधिकारिक गानों को छोड़कर इसे ही इस सीजन का 'असली एंथम' बताने लगे हैं.
इस गाने की सबसे खास बात यह है कि स्पीड ने इसके अंदर टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे सभी 48 देशों के नामों को शामिल किया है. इसकी वजह से दुनिया के कोने-कोने में बैठे फुटबॉल प्रेमियों के पास इस गाने को शेयर करने की एक बड़ी वजह मिल गई है. इस चतुराई से बनाए गए ट्रैक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज होने के महज दो घंटे के भीतर ही इसे 5 लाख से ज्यादा लोगों ने देख डाला.
स्पीड का यह जलवा नया नहीं है, इससे पहले साल 2022 के विश्व कप के दौरान भी उनके बनाए गाने को 200 मिलियन (20 करोड़) से ज्यादा व्यूज मिले थे, जो कि ज्यादातर ऑफिसियल गानों के मुकाबले कहीं ज्यादा है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उन्होंने यह सब बिना किसी फीफा डील या बड़े म्यूजिक लेबल के सपोर्ट के अकेले दम पर कर दिखाया है.
स्पीड जैसे युवा क्रिएटर के पास 54 मिलियन (5.4 करोड़) से ज्यादा सब्सक्राइबर्स की ऐसी फौज है जो उनके एक बटन दबाते ही तुरंत उनके साथ जुड़ जाती है. पुराने समय में किसी भी बड़े इवेंट के लिए आधिकारिक आदेश या उस संगठन का साथ ही सफलता की सबसे बड़ी गारंटी माना जाता था, लेकिन इंटरनेट के इस दौर में अब सबसे बड़ी ताकत वह लोग हैं जिससे आपका सीधा जुड़ाव हो. फीफा ने भले ही अपनी पसंद से दुनिया के बेहतरीन कलाकारों को चुना हो, लेकिन सोशल मीडिया की जनता ने अपना असली वर्ल्ड कप एंथम खुद चुन लिया है.











