PM मोदी की मिमिक्री करना शिक्षक को पड़ा भारी, DEO ने किया निलंबित, सिलेंडर के दाम बढ़ने पर बनाया था वीडियो

Shivpuri Teacher Saket Purohit Suspended: साकेत ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर कटाक्ष किया था. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक साकेत पुरोहित को निलंबित कर दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Shivpuri Teacher Saket Purohit Suspended: गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करना मध्य प्रदेश के शिवपुरी के एक शिक्षक को भारी पड़ गया. भाजपा विधायक की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक साकेत पुरोहित को निलंबित कर दिया है. मामला पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी का है, जहां साकेत पुरोहित प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं.

शिक्षक ने पीएम नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की

हाल ही में साकेत ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर कटाक्ष किया था. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद यह मामला अधिकारियों तक पहुंचा. मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाी करते हुए शिक्षक साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

शिक्षक को निलंबित कर दिया गया

जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने पीटीआई को बताया कि पोहरी ब्लॉक के आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक साकेत पुरोहित को मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत शुक्रवार देर रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. 

शिक्षक ने वीडियो में क्या कहा?

बता दें कि शिक्षक साकेत पुरोहित ने प्रधानमंत्री की मिमिक्री करते हुए वीडियो में कहा था, 'मेरे प्यारे भाइयों-बहनों, गैस के दाम कम हुए कि नहीं हुए? नहीं हुए और गैस के दाम बढ़े कि नहीं बढ़े? बढ़ गए. तो गैस के दाम इसलिए बढ़ गए कि भाइयों-बहनों, गैस की रोटी खाने से पेट में भी गैस बनती है.

Advertisement

अगर पेट में गैस बनेगी तो आप बीमार पड़ जाओगे. और अगर आप बीमार पड़ोगे तो यह देश बीमार पड़ जाएगा मेरे भाइयों-बहनों. इसलिए गैस के दाम बढ़ने से आम आदमी भी चूल्हे की रोटी खाएगा और अमीर आदमी भी चूल्हे की रोटी खाएगा. जो अमीर आदमी और आम आदमी के बीच में जो अमीरी-गरीबी की खाई है... भाइयों-बहनों, बहुत दूर हो जाएगी.

भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने की शिकायत

वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने जांच शुरू की. साथ ही पिछोरे के भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई. अपनी शिकायत में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने दावा किया कि एक सरकारी शिक्षक द्वारा प्रधानमंत्री और जन प्रतिनिधियों की इस तरह की टिप्पणी और नकल करना सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है और समाज को एक अनुचित संदेश देता है.

Advertisement

श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में पाया गया कि पुरोहित का कृत्य सरकारी कर्मचारियों पर लागू आचरण नियमों के विपरीत था, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया. अधिकारी ने आगे बताया कि निलंबन की अवधि के दौरान शिक्षक को बदरवास के ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में तैनात किया जाएगा और उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा.

शिक्षक ने कहा- 'एकपक्षीय कार्रवाई'

वहीं शिक्षक साकेत पुरोहित का कहना है कि इस संबंध में मुझे न तो किसी तरह का कारण बताओ नोटिस भेजा गया और न ही उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया. एकपक्षीय कार्रवाई की गई है.

ये भी पढ़ें: Farmer Success Story: तपती गर्मी में सागर के युवा किसान ने उगा दी सर्दी की फसल, कम लागत में होगी तगड़ी कमाई, जानिए कैसे

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
CM Himanta की पत्नी पर आरोप का मामला, Telangana HC से Congress नेता Pawan Khera को राहत | BREAKING
Topics mentioned in this article