‘अतीक मारा गया है, गैंग नहीं’; स्कूल के नोटिस बोर्ड पर धमकी भरा पोस्टर, 10 लाख की मांग से मचा हड़कंप

सतना जिले के एक सरकारी स्कूल में बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया. स्कूल के नोटिस बोर्ड पर लगे पोस्टर में खुद को अतीक अहमद का गुर्गा बताते हुए 10 लाख रुपये की मांग की गई. घटना के बाद स्कूल स्टाफ और इलाके में दहशत है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Atique Ahmed Gang Threat: मध्य प्रदेश के सतना जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सरकारी स्कूल में बम से उड़ाने की धमकी भरा पोस्टर मिला. पोस्टर में न सिर्फ स्कूल को उड़ाने की बात लिखी थी, बल्कि 10 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई थी. धमकी देने वाले ने खुद को माफिया अतीक अहमद का गुर्गा बताते हुए ऐसा संदेश लिखा, जिसे पढ़कर स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोग दहशत में आ गए.

यह मामला सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक विद्यालय कठवरिया का है. सोमवार सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचे, तो नोटिस बोर्ड पर चिपका एक पोस्टर देखकर सभी चौंक गए. पोस्टर में साफ‑साफ लिखा था कि स्कूल को बम से उड़ा दिया जाएगा और इसके बदले 10 लाख रुपये की मांग की गई थी.

‘अतीक मारा गया है, गुर्गे नहीं'  

पोस्टर में धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर अतीक अहमद का आदमी बताया. उसमें लिखा था, “अतीक मारा गया है, उसके गुर्गे नहीं.” यह लाइन पढ़ते ही शिक्षकों के होश उड़ गए. सबको लगा कि मामला बेहद गंभीर है और किसी बड़े खतरे की आशंका हो सकती है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत कोठी थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. आसपास के इलाके में भी पूछताछ की गई. शुरुआती तौर पर पुलिस इसे किसी शरारती तत्व की हरकत मान रही है, लेकिन किसी भी संभावना को नकारा नहीं जा रहा.

Advertisement

पहले भी मिल चुकी हैं धमकी भरी सूचनाएं

गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी सतना में जिला न्यायालय और पोस्ट ऑफिस को लेकर बम से उड़ाने की धमकी वाले ई‑मेल मिल चुके हैं. उन मामलों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है. लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है.

एएसपी बोले- गंभीरता से हो रही जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टर किसने लगाया, इसके पीछे क्या मकसद है, यह सब जल्द ही साफ किया जाएगा. आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्कूल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Advertisement

स्कूल में डर का माहौल, लिखित शिकायत दर्ज

कठवरिया माध्यमिक विद्यालय के हेडमास्टर अरुण पांडेय ने बताया कि इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है. उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद स्कूल का पूरा स्टाफ डर के माहौल में है. बच्चों और अभिभावकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
 

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Iran Israel War: जंग के बीच Donald Trump करेंगे बड़ा ऐलान? | Iran War News