Monalisa Marriage Controversy: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से जुड़ी वायरल गर्ल मोनालिसा भोंसले की शादी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा रविवार को महेश्वर पहुंचे और मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात की.
इस दौरान उन्होंने मोनालिसा की शादी को लेकर गंभीर आरोप लगाए. सनोज मिश्रा ने कहा कि यह सामान्य प्रेम विवाह नहीं बल्कि एक बड़ी साजिश हो सकती है. उनके मुताबिक इस मामले में पीएफआई (PFI) का एंगल भी सामने आ रहा है और इसके जरिए सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
‘यह शादी नहीं, लव जिहाद का मामला'
सनोज मिश्रा ने कहा कि मोनालिसा की शादी को साधारण अंतरधार्मिक विवाह बताकर पेश किया जा रहा है, लेकिन कई पहलुओं की जांच होनी चाहिए. उन्होंने इसे लव जिहाद से जुड़ा मामला बताते हुए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगे और जांच की मांग करेंगे.
केरल में हुई शादी पर भी उठाए सवाल
डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने केरल में हुई इस शादी पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि जिस तरह से पुलिस सुरक्षा और बड़े स्तर पर आयोजन की बातें सामने आ रही हैं, उससे कई संदेह पैदा हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके.
महाकुंभ में वायरल हुई थीं ‘रुद्राक्ष गर्ल'
मोनालिसा भोंसले 2025 के प्रयागराज महाकुंभ के दौरान माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं. उन्हें ‘रुद्राक्ष गर्ल' के नाम से पहचान मिली थी. इसी दौरान फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी बॉलीवुड फिल्म “The Diary of Manipur” में मौका देने की घोषणा की थी.
6 महीने की डेटिंग के बाद की शादी
जानकारी के मुताबिक मोनालिसा भोंसले ने 11 मार्च 2026 को अपने प्रेमी फरमान खान से केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित आरुमानूर मंदिर में शादी की. यह अंतरधार्मिक विवाह पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ. मोनालिसा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, जबकि फरमान खान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से संबंध रखते हैं. दोनों ने करीब 6 महीने तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 18 साल की उम्र में शादी की.
शादी के बाद मोनालिसा का बयान
शादी के बाद मोनालिसा ने कहा कि उनकी शादी को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन इनमें सच्चाई नहीं है. उन्होंने कहा, “हमारी शादी पूरी तरह हिंदू परंपरा के अनुसार मंदिर में हुई है. सभी रीति-रिवाज निभाए गए हैं. लोग जो सोच रहे हैं, वैसा कुछ भी नहीं है. हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं.”
फरमान खान ने क्या कहा?
फरमान खान ने भी शादी को लेकर कहा कि केरल सरकार ने उन्हें सहयोग दिया. उन्होंने कहा कि उनकी शादी साधारण तरीके से होने वाली थी, लेकिन इसमें कई लोग शामिल हुए और उन्हें आशीर्वाद दिया. फरमान के मुताबिक, “हमारे लिए सभी धर्म समान हैं और हमारी शादी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.”
रिपोर्ट-आशिफ खान














