Jabalpur Schools Closed, Holidays Declared for Classes up to 5th: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने कक्षा पांच तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. गुरुवार 23 अप्रैल 2026 को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने इसके आदेश जारी कर दिए. आदेश के तहत 30 अप्रैल तक बच्चों की छुट्टी घोषित की गई है.
दरअसल, जबलपुर जिले में भीषण गर्मी का दौरा जारी है. जिले का तापमान 42 डिग्री के करीब जा रहा है. गर्मी के कहर को देखते हुए कुछ दिन पहले स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया था, ताकि बच्चों को गर्मी से बचाया जा सके.
Jabalpur Schools Closed: Holidays Declared for Classes up to 5th Due to Severe Heatwave
प्री-प्रायमरी से कक्षा 5वीं तक बच्चों की छुट्टी
इधर, सरकार की ओर से सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश हैं कि 42 डिग्री से अधिक तापमान रहने की संभावना पर कक्षा 5वीं तक के बच्चों के अवकाश वे निर्णय ले सकते हैं. इसी आदेश के तहत जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की प्री-प्रायमरी से कक्षा 5वीं तक बच्चों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है. इस दौरान शिक्षक स्कूल में उपस्थित होकर विद्यालयीन कार्य करेंगे.
अन्य जिलों में भी जल्द हो सकता है छुट्टी का ऐलान
प्रदेश में पड़ रही गर्मी को देखते हुए अन्य जिलों में भी स्कूलों की छुट्टी का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है. प्रदेश में कई जिले ऐसे हैं, जहां तापमान 40 डिग्री से अधिक है. ऐसे में कलेक्टर कभी भी स्कूलों की छुट्टी को लेकर आदेश जारी कर सकते हैं.
(जबलपुर से संजीव चौधरी की रिपोर्ट)














