एक के बाद एक 8 लोगों की रहस्यमयी मौत! जांच के लिए कब्र से निकाला शव, ग्रामीण परेशान 

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक गांव में लगातार 8 लोगों की रहस्यमयी मौत से हड़कंप मच गया है. जहरीली शराब की आशंका के बीच पुलिस ने जांच तेज कर दी है और एक शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम व टॉक्सिकोलॉजी जांच के लिए भेजा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही गांव में लगातार 8 लोगों की रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में डर और बेचैनी फैला दी है. हालात इतने गंभीर हो गए कि जांच के लिए पुलिस को कब्र से शव निकालना पड़ा. अब इस पूरे मामले में जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है और सच्चाई जानने के लिए पोस्टमार्टम व टॉक्सिकोलॉजी जांच कराई जा रही है.

लगातार हो रही मौतों से दहशत में गांव

यह मामला कसडोल थाना क्षेत्र के खर्वे गांव का है. पिछले कुछ महीनों में यहां एक-एक कर 8 लोगों की मौत हो गई. अचानक हो रही इन मौतों से ग्रामीणों में डर बैठ गया और लोगों ने इसे सामान्य घटना नहीं मानते हुए पुलिस से जांच की मांग की.

ग्रामीणों ने जताई जहरीली शराब की आशंका

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर कई लोगों को पिला दिया, जिसके चलते ये मौतें हुईं. मृतकों में बद्री पटेल, बुटालु साहू, छत्तूराम साहू, बुदलू जायसवाल, विनोद साहू, गजानन मांझी, चैतु साहू और महेतरू साहू के नाम शामिल बताए जा रहे हैं.

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

मामला उस समय तूल पकड़ गया जब बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि गांव में हो रही मौतों के पीछे कोई साजिश है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत जांच शुरू की.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक टीम खर्वे गांव पहुंची. अधिकारियों की मौजूदगी में महेतरू साहू के शव को कब्र से बाहर निकाला गया. बताया जा रहा है कि महेतरू साहू की मौत 14 मई 2026 को हुई थी और उनका अंतिम संस्कार दफन विधि से किया गया था.

पोस्टमार्टम और टॉक्सिकोलॉजी जांच शुरू

कब्र से निकाले गए शव को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया है. यहां पोस्टमार्टम के साथ-साथ टॉक्सिकोलॉजी जांच भी की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत की वजह कोई जहरीला पदार्थ था या नहीं. फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम भी जांच में जुट गई है. विशेषज्ञ नमूनों की जांच कर रहे हैं, जिससे यह साफ हो सके कि इन मौतों के पीछे कोई साजिश है या नहीं. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

Advertisement

प्रशासन पर टिकी सबकी नजर

एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक के मुताबिक, फरवरी 2026 से मौतों की जानकारी सामने आ रही थी. अब आखिरी मृतक के शव की जांच के आधार पर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है. पूरे खर्वे गांव में इस घटना को लेकर बेचैनी और डर का माहौल है.  

Featured Video Of The Day
चंडीगढ़ : मेडिकल स्टोर में घुसे हमलावर ने की दनादन फायरिंग, रोंगटे खड़े कर देगा यह वीडियो!
Topics mentioned in this article
Chhattisgarh Mysterious Deaths
Balodabazar Accident
Crime News