छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में सांप्रदायिक हिंसा, 6 जवान घायल, आगजनी के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सांप्रदायिक तनाव ने हिंसक रूप ले लिया है. फिंगेश्वर क्षेत्र के दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच झड़प के बाद घरों और वाहनों में आगजनी की घटना सामने आई. हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Chhattisgarh Gariaband Violence: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार को सांप्रदायिक तनाव अचानक हिंसा में बदल गया. फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हालात बेकाबू हो गए. आगजनी, मारपीट और पथराव के बाद स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. इस दौरान 5 से 6 पुलिसकर्मी घायल भी हुए है. 

घटना राजिम से लगे दुधकैयां गांव की है, जहां देर शाम से बवाल शुरू हुआ. बताया जा रहा है कि दो समुदायों के बीच चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर भड़क उठा. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्ष आमने‑सामने आ गए.

पुराने मंदिर विवाद से जुड़ा मामला

सूत्रों के अनुसार, करीब एक साल पहले गांव के एक शिव मंदिर को खंडित किए जाने का मामला सामने आया था. इस मामले में मूर्ति तोड़ने के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी. बाद में जमानत पर छूटने के बाद आरोपियों पर गांव के लोगों को डराने‑धमकाने और मंदिर मामले में गवाही देने वालों को परेशान करने के आरोप लगे.

सुबह युवकों पर हमला, फिर भड़का गुस्सा

रविवार सुबह 4 से 6 युवकों पर पत्थर और रॉड से हमला किए जाने की सूचना मिली. इस घटना के बाद गांव में गुस्सा फैल गया. आरोप है कि इसके बाद एक समुदाय के कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय के घरों पर हमला कर दिया और कई घरों में आग लगा दी.

Advertisement

घरों और गाड़ियों में लगाई आग

हिंसा के दौरान कई घरों में आगजनी की गई, वहीं कुछ वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया. आग लगने से इलाके में अफरा‑तफरी मच गई. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर हालात और गंभीर हो गए. कई घरों में महिलाएं मौजूद थीं. पुलिस और सुरक्षा बल के जवान उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश में जुटे रहे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

महिलाओं को सुरक्षित निकालने के दौरान नाराज ग्रामीणों ने लाठियां चलानी शुरू कर दीं. हालात बिगड़ते देख पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई में लाठीचार्ज करना पड़ा. इसके बाद धीरे‑धीरे स्थिति पर काबू पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही गरियाबंद एसपी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. आईजी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है. राजिम, फिंगेश्वर समेत आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है.

Advertisement

गांव में कर्फ्यू जैसे हालात

दुधकैयां गांव में फिलहाल कर्फ्यू जैसे हालात हैं. अग्निशमन दल और एम्बुलेंस मौके पर तैनात हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है.

Featured Video Of The Day
PM Modi In Assam: North East को Congress ने दिल्ली और दिल से दूर रखा, Silchar Rally में बोले PM मोदी