फिट रहने के लिए लोग जिम में घंटों मेहनत करते हैं, लेकिन कई बार सही डाइट न होने की वजह से वर्कआउट (Workout) का पूरा फायदा नहीं मिल पाता. अक्सर लोग यह सोचते हैं कि वर्कआउट से पहले कुछ भी खा लेना ठीक है, लेकिन असल में वर्कआउट से पहले क्या खाया जाता है, इसका सीधा असर आपकी परफॉर्मेंस और एनर्जी पर पड़ता है. बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के फिटनेस ट्रेनर सिद्धार्थ सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर प्री-वर्कआउट डाइट (Pre- Workout Diet) को लेकर जानकारी शेयर की है. उनके अनुसार कुछ ऐसे फूड्स हैं जिन्हें वर्कआउट से पहले खाने से बचना चाहिए, क्योंकि वे पाचन को धीमा कर देते हैं या अचानक एनर्जी गिरा सकते हैं. वहीं कुछ सही फूड्स ऐसे भी हैं जो शरीर को स्टेबल एनर्जी देते हैं और वर्कआउट को ज्यादा प्रभावी बना सकते हैं.
वर्कआउट से पहले क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? | What to Eat and What Not To Eat Before a Workout?
1. वर्कआउट से पहले तले-भुने खाने से बचें
सिद्धार्थ सिंह के अनुसार वर्कआउट से पहले तले-भुने और ज्यादा तेल वाले फूड्स बिल्कुल नहीं खाने चाहिए. ऐसे भोजन में फैट की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे पाचन धीमा हो जाता है. जब पाचन प्रक्रिया धीमी होती है, तो शरीर सुस्त महसूस करता है और वर्कआउट के दौरान असहजता हो सकती है. इससे पेट भारी लगना, ऐंठन, थकान, एक्सरसाइज में ध्यान न लग पाना जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए जिम जाने से पहले समोसा, पकोड़े या फ्राइड स्नैक्स से दूरी बनाना बेहतर होता है.
2. ज्यादा फाइबर वाले फूड भी तुरंत पहले न खाएं
फाइबर शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन वर्कआउट से ठीक पहले ज्यादा फाइबर लेना सही नहीं माना जाता. फाइबर वाले फूड्स पचने में ज्यादा समय लेते हैं. अगर इन्हें जिम से ठीक पहले खा लिया जाए, तो पेट में गैस या ब्लोटिंग हो सकती है. इसके कारण कुछ लोगों को पेट फूलना, गैस, पेट में दर्द, मितली या उल्टी जैसी समस्या हो सकती है. इसलिए वर्कआउट से ठीक पहले भारी सलाद या ज्यादा फाइबर वाले भोजन से बचना बेहतर होता है.
3. ज्यादा शुगर वाले स्नैक्स से भी रहें सावधान
कई लोग जिम जाने से पहले मीठे स्नैक्स या चॉकलेट खा लेते हैं ताकि तुरंत एनर्जी मिल सके. हालांकि ऐसे फूड्स थोड़ी देर के लिए एनर्जी देते हैं, लेकिन यह एनर्जी ज्यादा देर तक नहीं रहती. कुछ समय बाद अचानक एनर्जी क्रैश हो सकता है. इसके कारण वर्कआउट के दौरान, चक्कर आ सकते हैं, थकान महसूस हो सकती है, शरीर में कमजोरी लग सकती है. इसलिए मीठे स्नैक्स या ज्यादा शुगर वाले ड्रिंक्स से बचना बेहतर होता है.
4. वर्कआउट से पहले क्या खाना चाहिए?
सिद्धार्थ सिंह के अनुसार वर्कआउट से पहले ऐसा भोजन करना चाहिए जो शरीर को स्थिर और लंबी एनर्जी दे. इसके लिए हाई कार्बोहाइड्रेट, कम फैट और कम फाइबर वाला भोजन सबसे अच्छा माना जाता है.
कुछ अच्छे विकल्प हो सकते हैं:
- केला
- ओट्स
- पीनट बटर के साथ ब्रेड
- उबले आलू
- दही और फल
- प्रोटीन युक्त हल्का स्नैक
ये फूड्स शरीर को एनर्जी देते हैं और वर्कआउट के दौरान थकान कम महसूस होती है.
5. वर्कआउट से कितनी देर पहले खाना चाहिए?
एक्सपर्ट्स के अनुसार जिम जाने से 30 से 60 मिनट पहले हल्का भोजन करना सबसे अच्छा माना जाता है. अगर आप भारी भोजन कर रहे हैं, तो उसे वर्कआउट से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले खा लेना चाहिए. इससे शरीर को भोजन पचाने का समय मिल जाता है.