Matangeshwar Temple in Khajuraho : देशभर में भगवान शिव के कई भक्त हैं, जो हर दिन हर-हर महादेव का जप कर अपने काम धंधे पर निकलते हैं. देश में भगवान शिव को लेकर कई त्योहार और पूजा पाठ होते हैं. कावड़ मेले में भोले के भक्तों का विशाल मेला देखने को मिलता है. महादेव भगवानों में सबसे शक्तिशाली और रूद्र रूप वाले माने जाते हैं. देशभर में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग हैं, जिनके दर्शन करने पर भक्तों की सभी मनोकामना पूरी हो जाती है. अगर आप घूमने के शौकीन हैं और महादेव के भक्त भी, तो आपको शिवशंकर के इस शिवलिंग के बारे में जरूर पता होना चाहिए, जिसकी कहानियां अचंभित कर सकती है.
This Shiva Lingam is alive and growing in size every year : भगवान शिव का यह अद्भुत शिवलिंग मध्यप्रदेश में हैं, जहां हर साल लाखों भक्त इसके दर्शन करने पहुंचते हैं. इस शिवलिंग को जीवित शिवलिंग कहा जाता है, जो हर साल बढ़ रहा है. इस शिवलिंग की यह खासियत भक्तों को अपनी ओर खींचती है. चलिए जानते हैं आप यहां कैसे जा सकते हैं?
कहां स्थित है जीवित शिवलिंग?
भगवान शिव का जीवित शिवलिंग मध्य प्रदेश के खजुराहो में स्थित है. इस मंदिर का नाम मतंगेश्वर महादेव है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर पहुंचते हैं. जयश्री मतंगेश्वर महादेव दुनिया का एकमात्र जीवित शिवलिंग है, जो हर साल खुद ब खुद बढ़ रहा है. शिवलिंग के हर साल एक से दो इंच बढ़ने की पुष्टि खुद पर्यटन विभाग कर चुका है.
मान्यता के अनुसार, यह शिवलिंग एक मणि के ऊपर स्थित है, जिससे हर मनोकामना पूरी होती है. यह 18 फुट का शिवलिंग है और 9 फुट जमीन के नीचे और 9 फुट जमीन के ऊपर है. मान्यता है कि नौवीं सदी में बनी इस शिवलिंग की पूजा भगवान राम ने भी की थी.
कैसे पहुंचे जयश्री मतंगेश्वर महादेव मंदिर?
बता दें, चंदेल वंश के चंद्र देव ने नौवीं शताब्दी में यह मंदिर बनवाया था. यह एक पवित्र स्थान माना जाता है. यह पूरा मंदिर पीले चूना पत्थर से बनाया गया है. यहां सुबह होने वाली आरती मन को बड़ा सुकून देती है. घूमने के लिहाज से यह मंदिर बेस्ट ऑप्शन है.
भक्तों के लिए जयश्री मतंगेश्वर महादेव मंदिर सुबह 6 बजे खुलता है और शाम 6 बजे द्वार बंद हो जाते हैं. यह मंदिर मध्यप्रदेश के खजुराहो के राजनगर रोड, सेवाग्राम में स्थित है. खजुराहो बस स्टैंड से इसकी दूरी महज 900 मीटर है. अगर आप महादेव के जबरा भक्त हैं, तो आपको इस मंदिर में जाकर महादेव का आशीर्वाद जरूर लेना चाहिए.