चुकंदर को चेहरे पर कैसे लगाएं? शहनाज हुसैन ने बताया घर पर चुकंदर की क्रीम बनाने का आसान तरीका

ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन ने चुकंदर की क्रीम बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
घर पर चुकंदर की क्रीम कैसे बनाएं?
File Photo

हर कोई चाहता है कि उनके चेहरे पर एक नेचुरल निखार बना रहे, स्किन ग्लो करे और हमेशा क्लियर दिखे. इसके लिए लोग महंगे-महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ कई तरह के घरेलू नुस्खे भी आजमाते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है चुकंदर का इस्तेमाल. चुकंदर को सेहत के साथ-साथ स्किन के लिए भी बेहद अच्छा माना जाता है. ऐसे में लोग अलग-अलग तरह से इसे अपने स्किन केयर रूटीन में शामिल करना पसंद करते हैं. आप चाहें, तो चुकंदर से क्रीम बनाकर भी इसे अपने ब्यूटी रूटीन में शामिल कर सकते हैं. ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन ने इस क्रीम को बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

कैसे फायदेमंद हो सकती है चुकंदर की क्रीम?

इसे लेकर NDTV संग हुई खास बातचीत में शहनाज हुसैन ने बताया, चेहरे पर नेचुरल निखार पाने के लिए जरूरी नहीं कि हमेशा महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जाए. घर में मौजूद कुछ चीजों से भी स्किन के लिए क्रीम तैयार की जा सकती है. चुकंदर से बनी क्रीम स्किन को हाइड्रेट रखने और चेहरे को चमकदार बनाए रखने में मदद कर सकती है. खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.

चाहिए होंगी ये चीजें- 

इस होममेड क्रीम को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए- 

  • 1 बड़ा चम्मच ताजा चुकंदर का रस
  • 2 बड़े चम्मच शुद्ध एलोवेरा जेल
  • आधा छोटा चम्मच बादाम का तेल और 
  • आधा छोटा चम्मच ग्लिसरीन की जरूरत होगी.
ऐसे निकालें चुकंदर का रस

चुकंदर का रस निकालने के लिए ताजे चुकंदर को छीलकर कद्दूकस कर लें. इसके बाद इसके गूदे को साफ कपड़े में रखकर अच्छी तरह निचोड़ लें. आप चाहें तो इसे छानकर भी इसका रस निकाल सकते हैं. क्रीम बनाने के लिए करीब एक बड़ा चम्मच ताजा चुकंदर का रस चाहिए.

घर पर ऐसे बनाएं चुकंदर की क्रीम
  • सबसे पहले एक साफ कटोरी लें. इसमें दो बड़े चम्मच एलोवेरा जेल डालें. 
  • अब, इसमें ग्लिसरीन और बादाम का तेल मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते रहें, जब तक कि मिश्रण चिकना और अच्छी तरह से मिक्स न हो जाए.
  • इसके बाद इसमें चुकंदर का रस धीरे-धीरे डालें. ध्यान रहे कि आपको एक साथ सारा रस नहीं डालना है. इससे अलग कुछ-कुछ बूंदें डालें और लगातार मिलाते रहें. 
  • आपको इसे तब तक चलाते रहना है,  जब तक कि आपको एक जैसी, हल्के गुलाबी रंग की क्रीम न मिल जाए.
क्रीम को ऐसे करें स्टोर

शहनाज हुसैन कहती हैं, क्रीम तैयार होने के बाद इसे हमेशा एक साफ और एयरटाइट कंटेनर में ही निकालकर रखें. साथ ही ध्यान रखें कि क्रीम बनाते समय कटोरी, चम्मच और कंटेनर अच्छी तरह साफ हों, ताकि मिश्रण में गंदगी न जाए.

Advertisement

इस तरह आप घर पर ही अपने लिए चुकंदर से नेचुरल क्रीम बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? एक्सपर्ट ने बताया फ्री में पौधा हो जाएगा घना, बस कर लें काम

Featured Video Of The Day
जमुई, समस्‍तीपुर और अब मधेपुरा में युवती से बेशर्मी का VIDEO वायरल
Topics mentioned in this article
Shahnaz Husain
Beetroot
Lifestyle News