Goa Monthly Expenses: गोवा को अक्सर लोग छुट्टियां मनाने की जगह के रूप में जानते हैं, लेकिन कई लोग अब यहां बसने का सपना भी देखने लगे हैं. खासकर रिमोट जॉब और डिजिटल काम करने वालों के लिए गोवा एक आकर्षक जगह बन गया है. लेकिन, क्या कभी आपने सोचा है कि यहां अकेले रहने का असली खर्च कितना होता है? हाल ही में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने सोशल मीडिया पर अपने गोवा में रहने के मंथली खर्च का पूरा हिसाब शेयर किया, जिसने इंटरनेट पर चर्चा छेड़ दी. उन्होंने बताया कि गोवा में अकेले रहने के लिए उन्हें हर महीने करीब 82,000 खर्च करने पड़ते हैं. उनके इस खर्च के ब्योरे ने कई लोगों को हैरान भी किया और कई लोगों को गोवा में रहने की असल लागत समझने का मौका भी दिया.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 10 हजार रुपये में घूमिए भारत की ये खूबसूरत जगहें, कम बजट में भी बन सकती है शानदार ट्रिप
गोवा में अकेले रहने का असली बजट
हाल ही में सॉफ्टवेयर इंजीनियर मधुश्री जोशी ने एक इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि वह गोवा में अकेले रहते हुए हर महीने लगभग 82,000 खर्च करती हैं. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस पर काफी चर्चा भी की. उन्होंने अपने वीडियो में बताया कि गोवा में स्वतंत्र जीवन जीने के लिए किन-किन चीजों पर कितना खर्च आता है.
किराया सबसे बड़ा खर्च
गोवा में रहने का सबसे बड़ा खर्च घर का किराया है. मधुश्री के अनुसार वह हर महीने करीब 26,000 किराया देती हैं. गोवा जैसे पर्यटन वाले राज्य में अच्छी लोकेशन पर घर लेना महंगा हो सकता है, खासकर अगर आप अकेले रह रहे हों.
कार की EMI - 25,000
उनके मासिक खर्च का दूसरा बड़ा हिस्सा कार की EMI है. उन्होंने बताया कि वह अपनी कार के लिए हर महीने करीब 25,000 EMI भरती हैं. क्योंकि गोवा में कई जगहों पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सीमित है, इसलिए निजी वाहन रखना काफी लोगों की जरूरत बन जाता है.
खाने-पीने और ग्रॉसरी का खर्च
मधुश्री के अनुसार हर महीने 7,000 के आसपास उनका खर्च खाने-पीने और ग्रॉसरी पर होता है. अगर कोई व्यक्ति ज्यादा बाहर खाना खाता है या महंगे कैफे-रेस्टोरेंट में जाता है, तो यह खर्च और ज्यादा बढ़ सकता है.
पेट्रोल का खर्च
गोवा में रोजमर्रा की आवाजाही के लिए कार इस्तेमाल करने पर हर महीने करीब 3,000 रुपये पेट्रोल पर खर्च हो जाते हैं. यह खर्च व्यक्ति की यात्रा और दूरी पर भी निर्भर करता है.
बिजली, पानी और इंटरनेट
घर के अन्य जरूरी बिल जैसे बिजली, पानी, वाई-फाई और मेंटेनेंस मिलाकर हर महीने करीब 5,000 से 6,000 खर्च हो जाते हैं. ये खर्च आमतौर पर हर शहर में समान ही होते हैं, लेकिन घर के आकार और उपयोग के अनुसार बदल सकते हैं.
फिटनेस और लाइफस्टाइल खर्च
मधुश्री हर महीने 1,000 जिम की मेंबरशिप पर खर्च करती हैं. इसके अलावा 15,000 रुपये वह अन्य चीजों जैसे ट्रैवल, सेल्फ-केयर, छोटे-मोटे शौक पर खर्च करती हैं.
कंटेंट क्रिएशन से भी मिलती है मदद
मधुश्री ने यह भी बताया कि वह कंटेंट क्रिएटर भी हैं, जिसकी वजह से उन्हें कई बार ब्रांड्स से मेकअप, स्किनकेयर और कपड़ों के PR पैकेज मिल जाते हैं. कभी-कभी रेस्टोरेंट भी उन्हें प्रमोशनल कंटेंट के बदले में फ्री होस्ट करते हैं. इससे उनके कुछ लाइफस्टाइल खर्च कम हो जाते हैं.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
उनका यह खर्च का ब्योरा सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली. कुछ लोगों को 82,000 महीना खर्च काफी ज्यादा लगा. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि लोकेशन और लाइफस्टाइल के अनुसार खर्च बदल सकता है. कई लोग यह जानने में भी दिलचस्पी दिखा रहे थे कि उनकी मासिक आय कितनी है.
गोवा में बसने वालों के लिए क्या सीख?
यह खर्च का विवरण उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ जो भविष्य में गोवा में रहने या रिमोट वर्क करने का सपना देख रहे हैं. इससे यह समझ आता है कि गोवा में रहने का खर्च पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कहां रहते हैं. कैसा लाइफस्टाइल अपनाते हैं. और कितनी सुविधाएं चाहते हैं.