Holi 2026: होली का त्योहार अपने साथ खुशियां और रंगों की बौछार लेकर आता है. लेकिन यह मस्ती तब फीकी पड जाती है जब होली (Holi Skin Care) के अगले दिन आपकी त्वचा और बालों पर रंगों के साइड इफेक्ट्स दिखने लगते हैं. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि होली के बाद उनके चेहरे (Skin Care) पर दाने निकल आए हैं या त्वचा बहुत ज्यादा रूखी हो गई है. वास्तव में बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक रंगों में मौजूद रसायन हमारी त्वचा की सुरक्षा परत को नुकसान पहुंचाते हैं. इस बारे में हमने बात की डॉ. ऐश्वर्या पंडित से, लेख में हम जानें कि कैसे आप कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपनी स्किन को बचा सकते हैं.
त्वचा को रंगों से होने वाला संभावित नुकसान
जब हम होली खेलते हैं तो रंगों में मौजूद बारीक कण हमारी त्वचा के रोमछिद्रों में गहरे समा जाते हैं. धूप और पसीने के कारण ये केमिकल त्वचा की कोशिकाओं को संक्रमित कर सकते हैं. इससे न केवल एलर्जी और खुजली होती है बल्कि लंबे समय के लिए पिगमेंटेशन की समस्या भी बन सकती है. केवल चेहरा ही नहीं बल्कि स्कैल्प और बालों पर भी इनका बुरा असर पडता है जिससे बाल बेजान होकर झडने लगते हैं.
होली खेलने से पहले स्किन की तैयारी
होली के रंग आपकी त्वचा में न समाएं इसके लिए एक मजबूत बैरियर बनाना जरूरी है. घर से बाहर निकलने से पहले चेहरे और शरीर पर अच्छी मात्रा में मॉइस्चराइजर या नारियल का तेल लगाएं. तेल की एक चिकनी परत रंगों को त्वचा से सीधे चिपकने नहीं देती. इसके साथ ही सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल न भूलें क्योंकि धूप में रहने से त्वचा पर टैनिंग और जलन का खतरा बढ जाता है. अपने नाखूनों पर डार्क नेल पेंट लगाएं ताकि रंग अंदर न घुसे और होठों पर लिप बाम की एक मोटी परत जरूर लगाएं.
होली के दौरान क्या करें और क्या न करें
कोशिश करें कि हमेशा प्राकृतिक और ऑर्गेनिक रंगों का ही चुनाव करें. यदि कोई आप पर पक्का रंग डाल दे तो उसे तुरंत रगडने की गलती न करें. रगडने से रंग और गहरा हो जाता है और त्वचा छिल सकती है. होली खेलते समय बार-बार पानी पीते रहें ताकि आपका शरीर हाइड्रेटेड रहे. यदि आप कॉन्टैक्ट लेंस लगाते हैं तो उन्हें हटाकर चश्मा पहनना ज्यादा सुरक्षित है क्योंकि रंग आंखों में जाकर संक्रमण पैदा कर सकता है.
यह भी पढ़ें :
होली 2026 और बदलता मौसम ! ऐसे मनाएं त्योहार, सर्दी-जुकाम से रहें दूर...
होली के बाद रंग हटाने का सही तरीका
रंग साफ करने के लिए कभी भी कठोर साबुन या स्क्रब का इस्तेमाल न करें. सबसे पहले नारियल तेल या क्लींजिंग मिल्क से चेहरे की मालिश करें ताकि रंग ढीला पड जाए. इसके बाद किसी माइल्ड फेस वॉश से चेहरा धोएं. रंगों को हटाने के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करना बेहतर होता है. बालों को धोने के लिए पहले उन्हें केवल सादे पानी से साफ करें जब तक कि सारा रंग निकल न जाए फिर सल्फेट फ्री शैम्पू और कंडीशनर का उपयोग करें.
स्किन रिपेयर और पोस्ट होली केयर
रंग साफ करने के बाद आपकी त्वचा को पोषण की जरूरत होती है. अगले दो-तीन दिनों तक चेहरे पर किसी भी तरह का केमिकल ट्रीटमेंट या ब्लीच न करवाएं. एलोवेरा जेल या कोई शांत करने वाला फेस पैक लगाएं जो त्वचा की जलन को कम करे. यदि त्वचा पर लालिमा या खुजली बनी रहे तो किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना ही सबसे सही कदम होगा.
त्योहार का पूरा आनंद तभी मिलता है जब आप सुरक्षित रहें. थोडी सी सावधानी और सही स्किन केयर रूटीन के साथ आप अपनी त्वचा को खराब किए बिना होली के हर रंग का लुत्फ उठा सकते हैं. याद रखिए कि बचाव हमेशा इलाज से बेहतर होता है.
(यह लेख डॉ. ऐश्वर्या पंडित, सेलिब्रिटी कॉस्मेटिक डॉक्टर एवं संस्थापक, AuraEdge Aesthetic and Wellness से बातचीत पर आधारित है.)