हरा धनिया लगभग हर भारतीय रसोई में इस्तेमाल किया जाता है. धनिया न केवल खाने का स्वाद और खुशबू को बढ़ा देता है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. ऐसे में कई लोग अपने घर पर ही धनिया उगाना पसंद करते हैं. लेकिन इनमें से कुछ लोगों की शिकायत होती है कि उनका धनिया का पौधा ठीक तरीके से उग नहीं पाता है, पौधे की ग्रोथ नहीं बढ़ती है या धनिया का पौधा घना नहीं होता है. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट मनदीप ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने घर पर धनिया उगाने और धनिया के पौधे को घना बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
धनिया का पौधा कैसे उगाएं?
गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, धनिया उगाने के लिए सबसे पहले बीज तैयार करने होते हैं. इसके लिए धनिए के बीज लें और उन्हें धूप में अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद बीजों को बीच से दो हिस्सों में अलग करें. आप किसी सपाट चीज पर धनिया रखकर इन्हें बेलन से हल्के हाथों से बेल सकते हैं. बस ध्यान रखें कि आपको बीजों को बहुत ज्यादा नहीं कुचलना है.
अब, एक छोटे कांच के जार में करीब एक चौथाई चम्मच हल्दी और पानी डालें. इसमें तैयार किए गए धनिए के बीज डालकर अच्छी तरह मिला दें. जार को बंद करके करीब 24 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. अगले दिन बीज बोने के लिए तैयार हो जाएंगे.
धनिया का पौधा कितने बड़े गमले में लगाना चाहिए?गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, धनिया लगाने के लिए करीब 6 इंच ऊंचे गमले या ग्रो बैग का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे पौधा बेहतर तरीके से बढ़ता है. इसमें ड्रेनेज होल जरूर खुले होने चाहिए, क्योंकि गमले में ज्यादा पानी जमा होने से धनिए की जड़ें खराब हो सकती हैं.
मनदीप कहते हैं, धनिया के पौधे कि लिए ऐसी मिट्टी की जरूरत होती है, जो उपजाऊ और भुरभुरी रहे. मिट्टी में बहुत ज्यादा पानी जमा न हो सके. इसके लिए 50 प्रतिशत गार्डन की मिट्टी में 30 प्रतिशत वर्मी कंपोस्ट, थोड़ी कोकोपीट और 20 ग्राम नीम की खली डालकर अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी तैयार हो जाएगी.
तैयार मिट्टी को गमले में डालकर बराबर कर लें और धनिए के बीजों को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर हल्के हाथ से डालें. आपको बीजों को बहुत गहराई में नहीं डालना है. इसके बाद ऊपर से एक इंच से थोड़ी कम मिट्टी की पतली परत डालें. इसके बाद मिट्टी में पानी डालकर छोड़ दें.
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, इस तरीके से लगाए गए धनिए के बीज करीब 3 से 4 दिन में अंकुरित हो सकते हैं और करीब 25 से 30 दिन में धनिया इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाता है.
धनिया के पौधे को घना कैसे बनाएं?इसके लिए एक्सपर्ट पौधे की मिट्टी में हल्दी वाला पानी डालने की सलाह देते हैं. बीज वाले बचे हुए हल्दी के पानी को करीब एक लीटर सादे पानी में मिलाएं. इसके बाद आप समय-समय पर पौधे में इस पानी को डाल सकते हैं. ध्यान रखें कि धनिया के पौधे की मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन पानी जमा नहीं होना चाहिए.
इन सब से अलग एक्सपर्ट कहते हैं, धनिया तैयार होने के बाद उसकी कटाई करते समय हाथ से पौधे को न तोड़ें. इससे अलग आप साफ चाकू या कैंची की मदद से कटाई कर सकते हैं. इससे नए फुटाव आने में मदद मिलती है, पौधा घना बनता है और हरा-भरा भी रहता है. इससे आप पूरी सर्दी घर पर ही उगे धनिया का इस्तेमाल कर पाएंगे.