Budget 2026 Women: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026-27 में महिलाओं को ध्यान में रखते हुए कई बड़े फैसले लिए हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026-27 में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं. लखपति दीदी योजना को SHE Marts से जोड़कर विस्तार दिया गया है, STEM क्षेत्रों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल बनाने का फैसला हुआ है और महिलाओं के लिए नए फाइनेंसिंग टूल्स भी पेश किए गए हैं.
साथ ही, केयरगिवर सेक्टर में स्किल्ड रोजगार के नए मौके भी खुलने वाले हैं. इस बजट का मकसद महिलाओं को पढ़ाई, काम और कारोबार हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका देना है. आसान शब्दों में समझते हैं कि इस बजट में महिलाओं के लिए क्या-क्या खास है.
बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए बड़े ऐलान, जानें
बनेंगे गर्ल्स हॉस्टल
बजट में हायर एजुकेशन कर रही लड़कियों के लिए गर्ल्स हॉस्टल बनाने का ऐलान किया गया है. ये हॉस्टल हर जिले में बनाए जाएंगे, खासकर वहां जहां साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ (STEM) से जुड़े कॉलेज और संस्थान हैं.
सरकार इन हॉस्टलों को फंडिंग और कैपिटल सपोर्ट के जरिए बनाएगी. इसका फायदा यह होगा कि लड़कियों को पढ़ाई के दौरान सेफ जगह मिलेगी. गांव और छोटे शहरों से आने वाली छात्राओं के माता-पिता भी निश्चिंत होकर अपनी बेटियों को बाहर पढ़ने भेज सकेंगे.
Also Read: 9 बजट और 9 रेशमी साड़ियां: वित्त मंत्री का अनोखा स्वैग, आंकड़ों के साथ पेश की संस्कृति की झलक
आसानी से मिलेगा लोन और ‘शी-मार्क'
सरकार ने महिलाओं के लिए नए और आसान फाइनेंसिंग ऑप्शन की भी घोषणा की हैं. SHE Marts के जरिए महिलाओं को लोन और दूसरे फाइनेंशियल टूल्स तक बेहतर पहुंच मिलेगी.
इसके साथ ही ‘She-Mark' नाम का एक बैज शुरू किया गया है. इससे महिलाओं की फाइनेंस और बिज़नेस ग्रोथ से जुड़े मौकों तक पहुंच आसान होगी. SHGs से जुड़ी महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड प्रोडक्ट्स का भी फायदा मिलेगा.
केयरगिवर सेक्टर में मिलेंगे नौकरी के मौके
बजट में हेल्थ सेक्टर को भी राहत दी गई है. 17 नई कैंसर दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है, जिससे इलाज सस्ता होगा. इसके अलावा सरकार 1.5 लाख मल्टी-स्किल्ड केयर गिवर्स को ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रही है.
इस ट्रेनिंग में देखभाल के साथ योग, वेलनेस और मेडिकल डिवाइस से जुड़ी स्किल्स सिखाई जाएंगी. क्योंकि इस क्षेत्र में ज़्यादातर महिलाएं काम करती हैं, इसलिए इससे महिलाओं को नौकरी के नए और बेहतर मौके मिलेंगे.
SHE Marts क्या हैं और क्यों जरूरी हैं?
बजट के बाद SHE Marts की काफी चर्चा हो रही है. अभी तक कई महिलाएं अपने बनाए सामान को बेचने के लिए सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स (SHGs) पर निर्भर रहती हैं. अब सरकार उनके लिए एक अलग प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है.
SHE Marts यानी Self-Help Entrepreneur Marts, ऐसे रिटेल स्टोर होंगे जहां महिलाएं अपने प्रोडक्ट्स सीधे ग्राहकों को बेच सकेंगी. ये स्टोर कम्युनिटी के स्तर पर चलाए जाएंगे. इसे लखपति दीदी योजना का अगला कदम माना जा रहा है, जिससे महिलाएं सिर्फ कमाई नहीं करेंगी, बल्कि खुद का छोटा कारोबार भी खड़ा कर पाएंगी.