बाल बढ़ाने के लिए अरंडी का तेल कैसे लगाएं? योग गुरु हंसा योगेंद्र ने बताया कैस्टर ऑयल लगाने का सही तरीका

मशहूर योग गुरु और लेखक हंसा योगेन्द्र ने बालों पर कैस्टर ऑयल लगाने का सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
बालों की ग्रोथ के लिए अरंडी का तेल कैसे लगाएं?
(Photo Credit: Freepik)

हर कोई चाहता है कि उनके बाल खूब लंबे, घने और मजबूत हों. इसके लिए लोग अलग-अलग उपाय करते हैं. बालों की देखभाल के लिए कुछ लोग महंगे-महंगे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ कई तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं. इन्हीं में से एक है अरंडी का तेल यानी कैस्टर ऑयल का इस्तेमाल करना. कैस्टर ऑयल को बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. खासकर हेयर ग्रोथ के लिए इस तेल को इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है. इसी कड़ी में मशहूर योग गुरु और लेखक हंसा योगेन्द्र ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने कैस्टर ऑयल को सही तरीके से इस्तेमाल करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

अरंडी का तेल बालों के लिए कैसे काम करता है?

योग गुरु बताती हैं, अरंडी के तेल में रिसिनोलिक एसिड नाम का फैटी एसिड पाया जाता है. ये स्कैल्प में नमी बनाए रखने और रूखापन कम करने में मदद कर सकता है. रिसिनोलिक एसिड बालों पर एक हल्की परत भी बना लेता है, जिससे बालों के टूटने और डैमेज होने की संभावना कम हो जाती है. साथ ही कुछ रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि सही तरीके से इस्तेमाल करने पर ये तेल बालों की ग्रोथ में भी मदद कर सकता है. 

बालों को लंबा करने के लिए कैस्टर ऑयल कैसे लगाएं?

डॉक्टर हंसा जी कहती हैं, अरंडी का तेल काफी गाढ़ा होता है. इसलिए इसे सीधे सिर या बालों पर नहीं लगाना चाहिए. अरंडी के तेल को हमेशा किसी दूसरे तेल जैसे नारियल का तेल, बादाम का तेल या किसी और तेल में मिलाएं, फिर ही इसे बालों में लगाएं. हंसा योगेंद्र के अनुसार, आप एक टेबलस्पून अरंडी के तेल में दो टेबलस्पून तिल का तेल या कोई और तेल मिलाकर बालों में लगा सकते हैं. 

तेल लगाने से पहले इसे हल्का गुनगुना कर लें, इसके बाद उंगलियों के पोरों से करीब 5 मिनट तक धीरे-धीरे स्कैल्प की मसाज करें. इसके बाद बचे हुए तेल को बालों की लंबाई पर लगा लें. 

Advertisement
अरंडी के तेल को बालों पर कितनी देर के लिए रखें?

योग गुरु बताती हैं, तेल को करीब एक घंटे तक बालों में रखना काफी है. कई लोग रातभर के लिए बालों में तेल लगाते हैं. ऐसा करने से बचें. आप साफ बालों पर तेल लगाकर एक घंटे के लिए रख सकते हैं, इसके बाद माइल्ड शैंपू से बालों को अच्छी तरह धो लें.

हफ्ते में कितनी बार लगाएं अरंडी का तेल?

डॉक्टर हंसा जी हफ्ते में एक से दो बार इस तेल को बालों में लगाने की सलाह देती हैं. इससे अलग आप अरंडी के तेल का हेयर मास्क बनाकर भी बालों में लगा सकते हैं. इसके लिए- 

Advertisement
  • 1 चम्मच अरंडी का तेल, 1 चम्मच भृंगराज पेस्ट, 1 चम्मच आंवला का पल्प या पाउडर और 1 चम्मच फ्लैक्स सीड जेल लें. 
  • इन सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह मिला लें. 
  • जब एक गाढ़ा मिश्रण तैयार हो जाए, तब इसे साफ स्कैल्प और बालों में लगाएं और 30-40 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से धो लें.
  • आप हर 7 से 10 दिनों में ये मास्क बनाकर अपने बालों में लगा सकते हैं. 
इस बात का रखें ध्यान 
  • योग गुरु कहती हैं, अरंडी का तेल बालों के लिए बेहद फायदेमंद होता है, लेकिन अगर आपकी स्कैल्प पर ज्यादा डैंड्रफ है, संक्रमण है, एक्जिमा या सोरायसिस की परेशानी है, तो इस तेल का इस्तेमाल न करें.
  • इससे अलग अगर आप पहली बार इस तेल का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो एक बार पैच टेस्ट जरूर करें. पहले थोड़े से तेल को अपने हाथ पर लगाकर 24 घंटे देखें. अगर आपको हाथ पर जलन, खुलजी या रेडनेस की परेशानी हो, तो बालों में ये तेल न लगाएं.

यह भी पढ़ें- हल्दी कैसे लगाई जाती है? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें गमले में हल्दी कैसे लगाएं, हल्दी का पौधा कितने दिन में फल देता है

Featured Video Of The Day
Asian Games 2026: Golfer Pranavi Urs ने Gold Medal जीतकर रचा इतिहास | Breaking News
Topics mentioned in this article
Hair Oil
Lifestyle News